लू से तप रहा देश: यूपी के बांदा में रिकॉर्ड तापमान, उत्तर-मध्य भारत में हालात गंभीर!

punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 01:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: इस समय देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर देखा जा रहा है। खासकर उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्य इसकी चपेट में हैं। लेकिन अब तक इस सीजन में एशिया का सबसे ज्यादा तापमान है उत्तर प्रदेश के बांदा में 45.4°C दर्ज हुआ। देश में राज्यों की बता करें तो उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार , झारखंड, ओडिशा, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हीटवेव का असर देखने को मिला है।

PunjabKesari

देश का सबसे गर्म जिला रहा बांदा 
वहीं बात अगर उत्तर प्रदेश की करें तो प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बांदा शुक्रवार को प्रदेश और देश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य एवं ऊपरी क्षोभमंडल में उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ तथा निचले क्षोभमंडल में उत्तर-पश्चिमी राजस्थान से दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश तक बनी द्रोणी का सीमित असर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में देखा गया, जहां कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। 

PunjabKesari

आगामी तीन दिनों में अधिकतम बढ़ने की संभावना 
हालांकि अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश के प्रमुख शहरों में कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और बुंदेलखंड क्षेत्र में दिन के समय तेज धूप और गर्म पछुआ हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया। कानपुर में शुक्रवार को गर्मी का असर तीखा रहा और सड़कें दोपहर में सूनी नजर आईं। यहां अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।  लखनऊ में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है और आगामी तीन दिनों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। राजधानी में मौसम शुष्क रहेगा तथा गर्म हवाएं चलने की संभावना है। प्रयागराज में गर्मी और अधिक तीखी रहने के संकेत हैं। 

PunjabKesari

44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच हो सकता है तापमान 
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार यहां रविवार तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात का तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से उमस बढ़ सकती है। झांसी और आसपास के बुंदेलखंड क्षेत्र में लू जैसे हालात बने रहने की संभावना है। बांदा, हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट जैसे जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने किसानों, श्रमिकों और खुले में कार्य करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

PunjabKesari
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनो में बांदा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार है जबकि प्रयागराज में 43 डिग्री से 44 डिग्री,कानपुर में 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती वस्त्र पहनने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। यदि शुष्क पछुआ हवाएं इसी प्रकार जारी रहीं तो अप्रैल के शेष दिनों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। 

अन्य प्रदेश में मौसम का हाल 
मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक के जिलों में भी बारिश होगी। जिससे मौमस उमस भरा हो जाएगा। शनिवार सुबह आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में मौसम अचानक बदल गया, यहां सुबह कोहरा छाया है। हालांकि जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल में बर्फबारी का अलर्ट है। वहीं सिक्किम के नाथुला में शुक्रवार-शनिवार को बर्फबारी हुई।

अगले 2 दिन के मौसम का हाल
छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र के कुछ स्थानों पर लू का अलर्ट है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में भारी बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में आंधी और बिजली की आशंका है। झारखंड और ओडिशा में हीटवेव की स्थिति बन सकती है, जबकि तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी रहेगी। ओडिशा में कुछ जगहों पर गर्म रात रहने की संभावना है।
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना में आंधी की आशंका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News