Weather Forecast: जानें क्या दिल्ली-यूपी और हरियाणा-पंजाब में आज होगी बारिश, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 08:13 AM (IST)
IMD Weather Forecast : देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार थोड़ी कमजोर पड़ने के कारण कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। जहां उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की रफ्तार कम हो गई है वहीं IMD ने देश के पूर्वी, पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ओडिशा के पुरी में होने वाली ऐतिहासिक रथ यात्रा (16 जुलाई) को लेकर मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
बता दें कि ओडिशा के पुरी में 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान मौसम विभाग ने भीषण बारिश की चेतावनी दी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 24 घंटों के भीतर बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी बांग्लादेश के तट पर हवा का एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव के कारण पुरी और आसपास के इलाकों में बुधवार से लेकर शुक्रवार तक मूसलाधार बारिश होने की आशंका है जिसे देखते हुए प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया है।

जानें देश के अन्य हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम?
North East के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है। वहीं पूर्वी और मध्य भारत जैसे कि बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के भी कुछ जिलों में भारी बारिश के आसार हैं।
उत्तर भारत जैसे कि पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जिससे उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

पश्चिम और दक्षिण भारत की बात करें तो यहां के गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र (मुंबई सहित) और सौराष्ट्र के तटीय इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला बना रहेगा। दक्षिण के राज्यों केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है हालांकि कुछ तटीय इलाकों में उमस परेशान कर सकती है।
यह भी पढ़ें: Horrific road accident: 2 ट्रकों और ईको कार में जोरदार भिड़ंत, 4 लोगों की दर्दनाक मौत, मौके पर मची हाहाकार
राजस्थान में पारा 41 डिग्री के पार
एक तरफ जहां कई राज्यों में पानी बरस रहा है वहीं राजस्थान में मानसून के कमजोर पड़ने से गर्मी का प्रकोप एक बार फिर बढ़ गया है। राज्य के गंगानगर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सबसे कम तापमान सिरोही में 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा। फिलहाल मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में आने वाले एक हफ्ते तक मौसम पूरी तरह शुष्क (Dry Weather) रहेगा और धूप खिलेगी जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
