भारत सिर्फ संयुक्तराष्ट्र के प्रतिबंधों को मानता है: सुषमा

Monday, May 28, 2018 - 10:51 PM (IST)

नई दिल्ली : अमरीका द्वारा ईरान और वेनेजुएला पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद भी भारत उनके साथ कारोबार करना जारी रखेगा। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने यह बात कही। साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत सिर्फ संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों को मानता है। विदेश मंत्री स्वराज ने कहा , हम सिर्फ संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों को ही मानते हैं।

स्वराज ने अमरीकी प्रतिबंधों का ईरान और वेनेजुएला से भारत के तेल आयात पर असर पडऩे के सवाल में जवाब में यह टिप्पणी की। उन्होंने यह भी कहा कि भारत किसी भी देश के दबाव में अपनी विदेश नीति नहीं बनाता है। इस माह की शुरुआत में अमरीका ने ईरान के साथ 2015 में हुए परमाणु समझौते से खुद को अलग कर लिया था।

इस निर्णय की घोषणा के बाद अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ फिर से प्रतिबंध लगा दिए थे। अमरीका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के पुर्निनर्वाचन के बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधों को और सख्त करने की घोषणा की थी। ईरान भारत को तीसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता है, जबकि वेनेजुएला भारत को तेल की आपूर्ति करने वाले प्रमुख देशों में शुमार है।

Punjab Kesari

Advertising