मुंबई: कोस्टल रोड पर तैयार हुई देश की पहली Musical Road, गाड़ी गुजरते ही बजेगा ‘जय हो’

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 08:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मुंबई की कोस्टल रोड अब सिर्फ तेज और ट्रैफिक-फ्री सफर के लिए ही नहीं, बल्कि एक अनोखे अनुभव के लिए भी चर्चा में है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को देश की पहली ‘म्यूजिकल रोड’ परियोजना का उद्घाटन किया। नरीमन पॉइंट से वर्ली की ओर जाने वाली उत्तर दिशा की लेन पर लगभग 500 मीटर लंबा एक खास सेक्शन तैयार किया गया है। इस हिस्से में सड़क की सतह पर विशेष डिजाइन वाली ग्रूव्स (पट्टियां) बनाई गई हैं, जो गाड़ियों के गुजरने पर धुन उत्पन्न करती हैं।

70-80 किमी/घंटा की स्पीड पर बजेगा ‘Jai Ho’

इस रोड का मजा लेने के लिए वाहन चालकों को 70-80 किलोमीटर प्रति घंटा की निर्धारित रफ्तार से गुजरना होगा। जैसे ही गाड़ी इन ग्रूव्स पर चलती है, टायर और सड़क के बीच घर्षण से ध्वनि तरंगें बनती हैं। यह ध्वनि ऑस्कर विजेता फिल्म Slumdog Millionaire के प्रसिद्ध गीत ‘जय हो’ की धुन में सुनाई देती है। खास बात यह है कि यह म्यूजिक गाड़ी के अंदर साफ सुनाई देता है, चाहे खिड़कियां बंद ही क्यों न हों।

दुनिया का पांचवां, भारत का पहला प्रयोग

यह पहल वैश्विक स्तर पर भी खास मानी जा रही है। जापान, हंगरी, दक्षिण कोरिया और दुबई जैसे देशों में पहले से म्यूजिकल रोड्स मौजूद हैं। भारत अब इस सूची में शामिल हो गया है। इस प्रोजेक्ट की तकनीक हंगरी से ली गई है। ब्रिहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने लगभग 6.21 करोड़ रुपये (GST सहित) की लागत से इस काम को पूरा किया। बताया जा रहा है कि यह विचार पूर्व सांसद राहुल शेवाले के सुझाव से शुरू हुआ था।

सुरक्षा और ड्राइविंग अनुभव पर फोकस

ड्राइवर्स की सुविधा के लिए 500 मीटर, 100 मीटर और 60 मीटर पहले साइनबोर्ड लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालक निर्धारित गति बनाए रख सकें। यह इनोवेशन न केवल सफर को यादगार बनाता है, बल्कि नियंत्रित स्पीड बनाए रखने के लिए भी प्रेरित करता है। पहले से ही समय बचाने के लिए मशहूर मुंबई कोस्टल रोड अब एक अनूठे ड्राइविंग एक्सपीरियंस के कारण और ज्यादा आकर्षक हो गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News