वीडियो में नशे में धुत्त UP-112 का कर्मी एक व्यक्ति की पिटते हुआ दिखा, जांच के आदेश

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 08:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क : एटा जिले में आपातकालीन पुलिस सुविधा 'यूपी-112' के एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर शराब के नशे में एक व्यक्ति को सड़क पर पीटा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह घटना कथित तौर पर कोतवाली नगर थानाक्षेत्र में नगर निगम कार्यालय के पास जीटी रोड पर हुई, जब पुलिस को यूपी-112 के माध्यम से सड़क किनारे एक नशे में धुत्त व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अलर्ट के बाद 'यूपी-112' की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन गाड़ी में मौजूद एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर नशे में था । प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर अपनी पहचान दीवान पवन चौधरी के रूप में बताई। वायरल वीडियो में पवन उस व्यक्ति को जमीन पर गिराने के बाद लात, घूंसों और थप्पड़ों से पीटते हुए दिख रहा है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सार्वजनिक रूप से उस व्यक्ति के चेहरे पर पानी डाला गया और पुलिसकर्मी ने उन लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जिन्होंने उसके आचरण पर आपत्ति जताई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि पुलिसकर्मी खुलेआम कह रहा था कि "उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।'' जिस व्यक्ति पर कथित तौर पर हमला किया गया था उसकी पहचान तुरंत नहीं की जा सकी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने बताया कि 'यूपी-112' कर्मी द्वारा दुर्व्यवहार की सूचना मिली है। न्होंने कहा, "मामला जांच के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) कीर्तिका सिंह को सौंपा गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।" राहगीरों ने पुलिसकर्मियों की मेडिकल जांच कराने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News