निषाद रैली में सपा-बसपा पर जमकर बरसे सीएम योगी, मछुआरों के लिए कह गए बड़ी बात

punjabkesari.in Friday, Dec 17, 2021 - 07:08 PM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर मछुआरा समुदाय को पट्टे देने के काम को बंद करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। योगी ने शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निषाद पार्टी द्वारा आयोजित ‘सरकार बनाओ अधिकार रैली' को संबोधित करते हुये कहा कि सपा और बसपा की सरकारों ने निषाद समुदाय के हितों पर कुठाराघात करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, ‘‘सपा, बसपा की सरकारों ने मछुवारों को पट्टा देने के काम को बंद करने का प्रयास किया था, लेकिन हमारी सरकार मछुवारा समाज को मछली पालन के लिए पट्टा देने का काम कर रही है।
 

सीएम योगी ने कहा कि निषाद समुदाय का प्रत्येक व्यक्ति उस दिन सबसे अधिक प्रसन्न था, जिस दिन आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने श्री अयोध्या जी में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर का शिलान्यास किया था। उन्होंने कहा कि मैं आश्वस्त करता हूं कि... उत्तर प्रदेश में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। किसी का शोषण नहीं होगा। लेकिन माफियाओं और पेशेवर अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर चलता रहेगा।
 


योगी ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर देश की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लेने का भी आरोप लगाते हुये कहा कि ये पाटिर्यां सिर्फ निजी हितों की पूर्ति के खातिर सिर्फ माफिया तत्वों को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कौन ऐसा भारतीय होगा जो भारत की सुरक्षा के प्रति जागरूक नहीं होगा। लेकिन कांग्रेस, बसपा, सपा ने कभी देश की सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया।


सीएम योगी ने कहा कि जब पिछली सरकार ने डॉ. संजय निषाद की हत्या कराने का प्रयास किया था, तब उनको मुंहतोड़ जवाब गोरखपुर में सांसद रहते हुए मैंने ही दिया था। हम लोगों ने कहा था कि किसी भी सरकार को अव्यवस्था फैलाने की छूट नहीं दी जाएगी।


वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्षी दलों पर शुक्रवार को हमला बोला और कहा कि राज्य में सत्ता में रहते हुए इन दलों ने केवल कुछ जातियों के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) 300 से अधिक सीट जीतकर सरकार बनाएगा। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है।

शाह रमाबाई आम्बेडकर रैली स्थल पर भाजपा तथा निषाद पार्टी की संयुक्त रैली 'सरकार बनाओ, अधिकार पाओ' को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "जब भी समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उत्तर प्रदेश में सरकार बनाई, उन्होंने केवल अपनी जातियों के लिए काम किया। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी पिछड़ी जातियों के लिए और गरीब लोगों के हित में काम किया है।" शाह ने

यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में अपराधी और माफिया तत्वों को जड़ से उखाड़ फेंका गया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में माफिया का राज था और गरीबों का विकास नहीं हो सकता था, लेकिन योगी आदित्यनाथ के कानून के राज में विकास हो सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News