फेरों के तुरंत बाद दुल्हन ने ससुराल जाने से किया इनकार, घंटों मिन्नतें करता रहा दूल्हा और फिर...
punjabkesari.in Tuesday, May 27, 2025 - 03:37 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में शादी के तुरंत बाद दुल्हन ने ससुराल जाने से मना कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे, जहां घंटों चली पंचायत के बाद रिश्ता तोड़ने पर सहमति बनी और दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया।
जानकारी के अनुसार, शहर के एक निवासी ने अपनी बेटी की शादी तीन महीने पहले चंडीगढ़ के युवक से तय की थी। शादी की तिथियां भी पहले ही निकाली जा चुकी थीं। दूल्हा परिवार सहित लगभग एक सप्ताह पहले लखीमपुर पहुंच गया था। 23 मई को मैरिज हॉल में दूल्हा बारात लेकर पहुंचा, जहां दोनों पक्ष के रिश्तेदार खुशी मनाने लगे। लेकिन फेरे के बाद दुल्हन ने दूल्हे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए ससुराल जाने से इनकार कर दिया।
नशे की हालत में गाली-गलौज करने का लगाया आरोप
लड़की पक्ष ने दावा किया कि दूल्हे पक्ष के लोग नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे और दुल्हन के साथ अपशब्द बोले गए। नाराज दुल्हन ने रिश्ता टूटने की बात कह दी। लड़के पक्ष ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया।
दोनों पक्षों को पुलिस ने बुलाया कोतवाली
विवाद बढ़ने पर लड़की पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया, जहां पंचायत हुई। दोनों पक्षों ने सामान लौटाने और रिश्ता टूटने पर लिखित सहमति दी। सदर कोतवाल हेमंत राय ने बताया कि मामला अब खत्म हो गया है।