Fog Alert : ठंड और कोहरे का डबल अटैक... यूपी, बिहार समेत इन 10 राज्यों के लिए IMD की चेतावनी जारी

punjabkesari.in Thursday, Jan 15, 2026 - 07:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत सहित देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।

IMD ने यह भी चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले पांच दिनों तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिसका सीधा असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ेगा। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सकती है, वहीं कई ट्रेनों के देरी से चलने की आशंका भी जताई गई है।

इन राज्यों में कोल्ड डे और शीतलहर का खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। 16 और 17 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का दौर जारी रहेगा। वहीं, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी 16 जनवरी को ठंड का प्रकोप देखने को मिल सकता है।

घने कोहरे की चेतावनी कहां-कहां

IMD के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड में 17 जनवरी तक घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद 22 जनवरी तक पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़ और 20 जनवरी तक उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा बना रह सकता है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में 18 जनवरी तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 जनवरी तक कोहरे का असर रहेगा।

इसके अलावा जम्मू, हिमाचल प्रदेश (17 जनवरी तक), पश्चिम राजस्थान (16 जनवरी तक), बिहार (19 जनवरी तक), उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, गंगा के मैदानी इलाके वाले पश्चिम बंगाल (16–19 जनवरी), असम और मेघालय (18 जनवरी तक) में भी सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहने की चेतावनी दी गई है।

तापमान में कब आएगी राहत?

IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं, मध्य भारत में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।

बारिश और बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 से 21 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब में 18 से 20 जनवरी, जबकि हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश में 18–19 जनवरी के दौरान कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी संभव है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News