IMD का अलर्ट-दिल्ली में अगले 4 दिनों तक सताएगा घना कोहरा-शीतलहर...इन 4 राज्यों में आज होगी जोरदार बारिश

Tuesday, Jan 11, 2022 - 09:02 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बीते कुछ दिनों में जमकर बारिश हुई जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है। लगातार बारिश के कारण कई राज्यों में ठंड फिर से बढ़ गई है। उत्तर पश्चिमी राजस्थान, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा तो वहीं हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा में अलग-अलग हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया हुआ है।

 

मौसम केन्द्र के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम खुश्क रहेगा लेकिन शीतलहर और घना कोहरा सताएगा। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते देश के पूर्वी हिस्से में मंगलवार को बारिश होने की संभावना है। दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

 

इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ओडिशा, झारखंड, बंगाल और बिहार की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते इन चार राज्यों में झमाझम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 जनवरी से 13 जनवरी तक के लिए इन राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। ओडिशा में पहले से ही 11 और 12 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है। इसी के साथ 11 जनवरी को छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में ओलावृष्टि की भी संभावना है।

Seema Sharma

Advertising