IIT बॉम्बे में परीक्षा में ChatGPT से नकल करते पकड़े जाने के बाद छात्र ने दी जान, कमरे में मिला शव

punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 09:31 AM (IST)

नई दिल्ली:  IIT बॉम्बे में एक दुखद घटना सामने आई है। एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के दूसरे साल के एक छात्र ने शुक्रवार शाम को अपने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से ही कैंपस में तनाव का माहौल है और गुस्साए छात्रों ने देर रात विरोध-प्रदर्शन किया। संस्थान ने बताया कि शुक्रवार को ही, अधिकारियों ने उसे परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा था। IIT बॉम्बे के अनुसार, छात्र ने जवाब पाने के लिए परीक्षा का प्रश्न पत्र ChatGPT पर अपलोड किया था।
  
IIT बॉम्बे प्रशासन ने एक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि छात्र के खिलाफ कोई दंडात्मक या अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। पकड़े जाने के बाद विभागाध्यक्ष और कोर्स इंस्ट्रक्टर ने छात्र से बात की थी। संस्थान के अनुसार, अधिकारियों ने छात्र की काउंसलिंग की और उसे भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा। बाद में वह अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया। इसके बाद शुक्रवार शाम अधिकारियों को वह कमरे में मृत मिला। संस्थान ने छात्र के बारे में और जानकारी नहीं दी।

कैंपस में देर रात छात्रों का प्रदर्शन
 IIT बॉम्बे ने मौत पर गहरा दुख जताया। संस्थान ने कहा कि उसने छात्र के दोस्तों, क्लासमेट्स, फैकल्टी सदस्यों और घटना से प्रभावित अन्य लोगों को मदद दी है। संस्थान ने कहा, "मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है।" छात्र की मौत की खबर फैलते ही IIT पवई (बॉम्बे) कैंपस में हलचल मच गई। बड़ी संख्या में छात्रों ने एकत्र होकर देर रात विरोध-प्रदर्शन किया।

IIT दिल्ली का मामला
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब अभी हाल ही में (22 अगस्त को) IIT दिल्ली में MSc फिजिक्स के 31 वर्षीय एक छात्र ने आत्महत्या कर ली थी।

   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News