Fatigue Awareness : 2 से 3 हफ्तों से ज्यादा समय तक बनी रहे थकान तो मत करें नजरअंदाज, हो सकती हैं ये गंभीर बीमारी
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 04:07 PM (IST)
नेशनल डेस्क : दिनभर काम करने या एक्सरसाइज के बाद थकान महसूस होना सामान्य बात है। आमतौर पर आराम और अच्छी नींद लेने से यह थकान दूर हो जाती है। लेकिन अगर थकान लंबे समय तक बनी रहे और आराम करने के बाद भी खत्म न हो, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है। यह शरीर में किसी बीमारी का संकेत हो सकता है।
थकान के पीछे पोषण की कमी एक बड़ा कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर में विटामिन और आयरन की कमी थकान का एक प्रमुख कारण हो सकती है। शरीर को ऊर्जा बनाने के लिए विटामिन B और D की जरूरत होती है। इनकी कमी होने पर व्यक्ति कमजोर और थका हुआ महसूस करता है। वहीं, आयरन की कमी से खून की ऑक्सीजन ले जाने की क्षमता कम हो जाती है, जिससे जल्दी थकान होने लगती है।
थायराइड और डायबिटीज का प्रभाव
अगर शरीर में थायराइड हार्मोन का स्तर कम हो जाता है, तो मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ जाता है। इससे व्यक्ति लगातार सुस्ती और थकान महसूस करता है। इसी तरह, डायबिटीज की स्थिति में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने से अचानक कमजोरी और थकान हो सकती है। इन दोनों बीमारियों में थकान एक आम लक्षण के रूप में देखी जाती है।
थकान दूर करने के आसान उपाय
लगातार थकान से बचने के लिए कुछ सरल आदतें अपनाना जरूरी है। संतुलित और पौष्टिक आहार लें, जिसमें आयरन और विटामिन भरपूर मात्रा में हों। दिनभर में पर्याप्त पानी पिएं और लंबे समय तक खाली पेट न रहें। रोजाना 6 से 7 घंटे की नींद जरूर लें। सोने से पहले चाय या कॉफी का सेवन न करें और फास्ट फूड से दूरी बनाए रखें। हरी सब्जियां और पौष्टिक चीजें डाइट में शामिल करें। साथ ही रोजाना योग और प्राणायाम करने से भी फायदा मिलता है।
कब लें डॉक्टर की सलाह
अगर इन सभी उपायों के बावजूद थकान 2 से 3 हफ्तों से ज्यादा समय तक बनी रहती है, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। समय पर जांच से किसी भी गंभीर बीमारी का पता लगाया जा सकता है और सही इलाज शुरू किया जा सकता है।
इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
अगर थकान के साथ कुछ अन्य लक्षण भी दिखें, तो तुरंत सतर्क हो जाएं:
- बिना किसी कारण वजन कम होना
- लगातार हल्का बुखार रहना
- सांस लेने में दिक्कत होना
- दिल की धड़कन का असामान्य होना
