मैं येदियुरप्पा के विरुद्ध कुछ नहीं बोलूंगा...बीजेपी हाईकमान के आदेश का पालन करूंगा: भाजपा विधायक यतनाल

punjabkesari.in Friday, Jan 27, 2023 - 04:25 PM (IST)

 

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने कहा कि भाजपा आलाकमान ने उन्हें कर्नाटक में पार्टी के कद्दावर नेता बी एस येदियुरप्पा के विरूद्ध कुछ नहीं बोलने को कहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के विरूद्ध सार्वजनिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। साथ ही कहा कि उनके मन में येदियुरप्पा के प्रति गहरा सम्मान है। पूर्व केंद्रीय मंत्री यतनाल येदियुरप्पा के मुखर आलोचक रहे हैं। येदियुरप्पा फिलहाल भाजपा के शीर्ष संसदीय बोर्ड के सदस्य हैं।

क्या मैं हमेशा नाराज रहूं?
यतनाल ने कहा, ‘‘ उन्होंने (आलाकमान ने) मुझसे छोटी-मोटी बातों पर जवाब नहीं देने कहा है। मुझसे कहा गया है कि आपका एक सम्मान है, हमें आपकी बातों की जानकारी है, (आपके साथ) कुछ अच्छा होगा। उन्होंने मुझसे आने वाले दिनों में येदियुरप्पा के विरूद्ध नहीं बोलने को कहा है, क्योंकि वह वरिष्ठ नेता हैं, इस बात पर मैं राजी हो गया हूं।'' बृहस्पतिवार को यहां उन्होंने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा, ‘‘जब आलाकमान ने निर्देश दिया है तो मुझे फिलहाल (येदियुरप्पा पर) नरम रहना होगा? क्या मैं हमेशा नाराज रहूं?

मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहूंगा
उन्होंने कहा, ‘‘कहने के लिए मेरा येदियुरप्पा के साथ समझौता हो गया है, हमारे बीच संपत्ति का तो कोई विवाद है नहीं, कुछ राजनीतिक झगड़े हैं, मैं फिलहाल उसपर विराम लगाता हूं। मेरा मीडिया से अनुरोध है कि यहां मुझसे येदियुरप्पा के बारे में कुछ नहीं पूछे। उनके प्रति मेरे मन में गहरा सम्मान है, मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहूंगा।'' जब येदियुरप्पा मुख्यमंत्री थे तब यतनाल यह दावा करते हुए सार्वजनिक रूप से समय सीमा दोहराते थे कि उन्हें मुख्यमंत्री के पद से हटा दिया जाएगा।

कई बार कारण बताओ नोटिस भी जारी हुआ 
उन्होंने येदियुरप्पा, उनके बेटे एवं प्रदेश पार्टी उपाध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र एवं परिवार के अन्य सदस्यों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। जब येदियुरप्पा मुख्यमंत्री के पद से हट गये तब भी वह उनके विरूद्ध खुलेआम बयानबाजी करते रहे। इससे भाजपा असहज हो रही थी। बीजापुर शहर विधायक यतनाल को येदियुरप्पा और उनकी सरकार की बार बार आलोचना करने को लेकर पार्टी की ओर से कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News