Jharkhand Student Protest पर चुप नहीं हूं, बल्कि खुलकर बोल रहा हूं: राहुल गांधी
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 02:12 PM (IST)
Rahul Gandhi: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि वह झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर बल प्रयोग के मामले पर चुप नहीं हैं और स्पष्ट कर चुके हैं कि छात्रों के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा स्वीकार नहीं है। राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार में कांग्रेस भी शामिल है।
राहुल गांधी ने संसद परिसर में झारखंड में छात्रों के आंदोलन से जुड़े एक सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, ''झारखंड में जो हो रहा है, मैं उस मुद्दे पर चुप नहीं हूं, बल्कि खुलकर बोल रहा हूं।'' उन्होंने कहा, ''मैंने संवाददाता सम्मेलन में साफ कहा है कि हम अपने छात्रों के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा को स्वीकार नहीं करते हैं।'' कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर बल प्रयोग की निंदा करते हुए कहा था कि राज्य सरकार को बातचीत करके समस्या का समाधान निकालना चाहिए।
