भारत के इस राज्य में पेट्रोल-डीजल को लेकर हाहाकार, ''No Stock'' के बोर्ड लगाए जाने से पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लगी लंबी लाईनें
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 11:07 AM (IST)
हैदराबाद: तेलांगना में पेट्रोल-डीजल को लेकर अचानक अफरा-तफरी जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। कई इलाकों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं, जबकि कुछ जगहों पर 'No Stock' के बोर्ड लगाए जाने की खबरें सामने आई हैं।
Hyderabad के कई पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर बताई जा रही है कि कुछ स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी करना पड़ा है ताकि लंबी कतारों को नियंत्रित किया जा सके।
स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग 50 प्रतिशत पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति देखी गई है। वहीं एलपीजी केंद्रों पर पहले से ही लंबी कतारें बनी हुई थीं, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ गई है।
MORE QUEUES!!!
THIS TIME FOR PETROL & DIESEL!
While there are considerable queues at LPG centers, since yesterday there are frustratingly longer & more panic inducing queues at petrol bunks across the city.
Almost 50 percent petrol bunks in Hyderabad have “no stock” boards!… pic.twitter.com/eYvJL11LfO
— Revathi (@revathitweets) March 25, 2026
सूत्रों का दावा है कि यह स्थिति तेल विपणन कंपनियों द्वारा एक सप्ताह के क्रेडिट पर ईंधन देने से इनकार करने के कारण उत्पन्न हुई है। कंपनियां अब तत्काल भुगतान की मांग कर रही हैं, जिससे सप्लाई चेन पर असर पड़ा है।
Hyderabad के उप्पल, मल्लापुर, घाटकेसर, अत्तापुर, कतेदान और चंद्रायंगुट्टा जैसे इलाकों में कई पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से “नो स्टॉक” बोर्ड लगाए जाने की जानकारी सामने आई, जिससे वाहन चालकों को भारी असुविधा हुई।
वहीं जिन पंपों पर ईंधन उपलब्ध था, वहां कार, बाइक, ऑटो और अन्य वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। कुछ सीएनजी आउटलेट्स पर तो स्थिति और गंभीर रही, जहां लोगों को 4–5 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके चलते कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई।
Telangana के उपभोक्ता मामले, खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की कोई कमी नहीं है। विभाग के अनुसार, सप्लाई चेन पूरी तरह से सक्रिय है और सभी जिलों में सामान्य मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन ने बताया कि यह स्थिति अफवाहों के कारण हुई पैनिक बाइंग की वजह से बनी है। अचानक अधिक मात्रा में ईंधन भरवाने की कोशिशों से कृत्रिम कमी जैसी स्थिति पैदा हुई है।
सरकारी बयान में यह भी कहा गया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की ओर से किए गए कुछ प्रशासनिक बदलावों के कारण अस्थायी लॉजिस्टिक दिक्कतें आई हैं, लेकिन यह किसी भी तरह की वास्तविक कमी का संकेत नहीं है।
Hyderabad City Police ने भी लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। पुलिस ने कहा कि शहर में पर्याप्त ईंधन स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई सामान्य रूप से चल रही है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें, ताकि अनावश्यक भीड़ और असुविधा से स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सके।
