पहले बुरी तरह पीटा, फिर छत से फेंका...पति ने नशे में पार की क्रूरता की सारी हदें

punjabkesari.in Saturday, Apr 12, 2025 - 03:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क. मथुरा के जमुनापार इलाके के सुखदेवपुर गाँव में एक भयानक घटना सामने आई। गुरुवार रात को विजय बाबू नाम के एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी रेखा को बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं, उसने उसे घर की छत से नीचे फेंक दिया, जिससे रेखा की मौके पर ही मौत हो गई। 

इसके बाद विजय ने अपनी पत्नी के शव को घसीटा और घर के पीछे खेत में ले गया। वहाँ उसने एक गड्ढा खोदा और रेखा के शव को उसमें दफना दिया। शुक्रवार की सुबह रेखा के देवर ने पुलिस को इस बारे में सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। आरोपी पति विजय की निशानदेही पर अधिकारियों ने रेखा के शव को गड्ढे से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रेखा के पिता छीतर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने छह लोगों पति विजय बाबू, सास अनीता, जेठ राजकुमार, देवर कमल और दिनेश को नामजद किया है। पुलिस ने विजय को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, विजय राजमिस्त्री का काम करता है और शराब पीने का आदी है। उसका पिछले दो साल से एक दिव्यांग युवती के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। इन दोनों की मुलाकात एक मकान बनाते समय हुई थी और धीरे-धीरे उनका रिश्ता गहरा हो गया, जब रेखा को इस बारे में पता चला, तो घर में अक्सर झगड़े होने लगे थे। गुरुवार रात को भी इसी बात पर उनका विवाद हुआ था, जिसके बाद यह दुखद घटना घटी।

जब विजय के पिता प्रकाश को अपनी बहू रेखा के गायब होने के बारे में पता चला, तो उन्होंने विजय से पूछा। विजय ने कोई जवाब नहीं दिया। बार-बार पूछने पर भी वह चुप रहा, जब पिता ने सख्ती से पूछा, तब जाकर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। यह सुनकर प्रकाश हैरान रह गए।

विजय और रेखा की प्रेम कहानी 12 साल पहले एक ईंट भट्ठे पर शुरू हुई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों वहाँ ईंटें उठाने का काम करते थे। वहीं उन्हें प्यार हुआ और उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों के परिवार वाले नाराज़ रहे, लेकिन बाद में सब ठीक हो गया। शादी के बाद रेखा ने छह बेटियों को जन्म दिया था। इस तरह एक प्रेम कहानी का अंत एक भयानक हत्या के साथ हुआ। पुलिस मामले की आगे की जाँच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News