हिमाचल में भीषण बस हादसा: यात्रियों से भरी बस पर चट्टान गिरने से 15 लोगों की दर्दनाक मौ/त

punjabkesari.in Wednesday, Oct 08, 2025 - 09:34 AM (IST)

नेशनल डेस्क। देवभूमि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बुधवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक निजी बस पर अचानक पहाड़ से भारी मात्रा में मिट्टी और पत्थर खिसककर आ गिरे जिससे बस पूरी तरह मलबे में दब गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 15 लोगों की दुखद मौत की खबर है।

क्या हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक यह हादसा बल्लू पुल के पास बरठीं के नजदीक हुआ। बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। पहाड़ी से अचानक हुए भूस्खलन के कारण बस मलबे की चपेट में आ गई और यात्री उसमें फंस गए। बिलासपुर के डीसी (उपायुक्त) राहुल कुमार ने मीडिया को बताया है कि 15 शव बरामद किए गए हैं जबकि 3 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। स्थानीय प्रशासन, बचाव दल और पुलिस मलबा हटाकर फंसे हुए यात्रियों को निकालने में जुटे हैं।

राजनीतिक हस्तियों ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

इस दुखद घटना पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री (PM), गृह मंत्री और हिमाचल के मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ट्वीट कर घटना पर दुःख जताया और कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दुःख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मुआवजे का ऐलान किया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन के खतरों को सामने लाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News