विदेशों में छा गए पीएम मोदी, त्रिनिदाद एंड टोबैगो का सर्वोच्च सम्मान पाने वाले पहले विदेशी नेता बने, अब तक 25 देशों से मिल चुका है नागरिक सम्मान
punjabkesari.in Saturday, Jul 05, 2025 - 01:15 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को त्रिनिदाद एंड टोबैगो का 'द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो' सम्मान प्रदान किया गया है। यह सम्मान पाने वाले वे पहले विदेशी नेता हैं। देश की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कांगालू ने उन्हें यह सम्मान दिया। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं इस सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान के लिए त्रिनिदाद एंड टोबैगो की सरकार और जनता का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। यह भारत और त्रिनिदाद के बीच गहरे और ऐतिहासिक रिश्तों का प्रतीक है। मैं यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों की ओर से स्वीकार करता हूं।” इससे पहले त्रिनिदाद एंड टोबैगो की पूर्व प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने पीएम मोदी की वैश्विक नेतृत्व क्षमता, प्रवासी भारतीयों से उनके संबंध और कोविड-19 के दौरान किए गए मानवीय प्रयासों की सराहना करते हुए यह सम्मान देने की घोषणा की थी।
अब तक 25 देशों से मिला सर्वोच्च सम्मान
यह प्रधानमंत्री मोदी का 25वां अंतरराष्ट्रीय नागरिक सम्मान है। हाल ही में घाना, साइप्रस, श्रीलंका, मॉरीशस, कुवैत, नाइजीरिया, डोमिनिका, गयाना, और पापुआ न्यू गिनी जैसे देशों ने भी उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है।
हाल ही में घाना ने भी दिया था राष्ट्रीय सम्मान
घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रमानी महामा ने प्रधानमंत्री मोदी को 'ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना' सम्मान से सम्मानित किया। यह घाना का राष्ट्रीय सम्मान है और भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने के लिए यह मान्यता दी गई।
साइप्रस से मिला ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’
साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान राष्ट्रपति भवन में प्रदान किया। यह साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है और भारत-साइप्रस के संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
श्रीलंका और मॉरीशस ने भी दी विशेष मान्यता
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पीएम मोदी को 'श्रीलंका मित्र विभूषण' से सम्मानित किया, जो श्रीलंका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। वहीं, मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्मबीर गोखूल ने मार्च 2025 में उन्हें 'ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन' (GCSK) से नवाजा। यह पहली बार था जब किसी भारतीय नेता को यह सम्मान मिला।
कुवैत, सऊदी अरब और यूएई जैसे अरब देशों से भी मिला समर्थन
दिसंबर 2024 में कुवैत ने पीएम मोदी को 'ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर' से सम्मानित किया। यह सम्मान आमतौर पर सिर्फ राष्ट्राध्यक्षों और शाही परिवारों को दिया जाता है। इससे पहले यह सम्मान बिल क्लिंटन, प्रिंस चार्ल्स, जॉर्ज बुश, क्वीन एलिजाबेथ और मोहम्मद बिन सलमान को भी दिया गया है।
गयाना, डोमिनिका और नाइजीरिया ने भी किया सम्मानित
गयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली ने पीएम मोदी को 'द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस' से नवाजा। डोमिनिका ने उन्हें 'डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया और नाइजीरिया ने नवंबर 2024 में उन्हें ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ द नाइजर (GCON)’ से नवाजा। नाइजीरिया का यह सम्मान पहले 1969 में महारानी एलिजाबेथ को मिला था। उसके बाद अब पीएम मोदी को यह मान्यता मिली है।
वैश्विक संस्थाओं से भी मिला गौरव
प्रधानमंत्री मोदी को कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने भी सम्मानित किया है, जिनमें शामिल हैं:
-
संयुक्त राष्ट्र (UN)
-
गेट्स फाउंडेशन
-
सीईआरए (CERA)
-
सेओल पीस प्राइज़ फाउंडेशन
-
फिलिप कोटलर पुरस्कार
PM Modi creates history again! 🇮🇳
— Amit Malviya (@amitmalviya) July 4, 2025
He becomes the first foreign leader to be conferred with the Order of the Republic of Trinidad and Tobago 🇹🇹, the highest civilian honour of the Caribbean nation.
This is the 25th international honour awarded to PM Modi by a foreign… pic.twitter.com/44RkRlfxLx
इन संस्थाओं ने उनके जलवायु, मानवता, स्वास्थ्य और वैश्विक विकास में नेतृत्व की सराहना की।
बीजेपी की कांग्रेस पर टिप्पणी
बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स (Twitter) पर पोस्ट करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने फिर इतिहास रच दिया। यह 25वां विदेशी नागरिक सम्मान है जो उन्हें मिला है। जबकि नेहरू, इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह को मिलाकर केवल 6 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले। फिर भी कांग्रेस भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाती है।"