Bomb Threat Email: कन्नूर हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी निकली अफवाह, पुलिस ने की FIR दर्ज
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 12:34 PM (IST)
Kannur Airport Bomb Threat : केरल के कन्नूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Kannur Airport) को बम से उड़ाने की एक सनसनीखेज धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई हैं। आधिकारिक जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि हवाई अड्डे को उड़ाने की यह धमकी पूरी तरह से झूठी (अपवाह) पाई गई है। इस मामले में मट्टनूर पुलिस ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत FIR दर्ज कर ली है और धमकी भरा संदेश भेजने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
वहीं पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर हवाई अड्डे और दो विमानन कंपनियों की कई ईमेल आईडी पर एक ईमेल आया जिसमें दावा किया गया था कि हवाई अड्डे को बम विस्फोट कर उड़ा दिया जाएगा और इसके लिए विस्फोटक लगाए गए हैं। इसके बाद हवाई अड्डे और संबंधित विमान की गहन तलाशी ली गई। जांच में धमकी झूठी पाई गई।
अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे के सहायक प्रबंधक की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और केरल पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने आरोपी का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि धमकी वाला ईमेल जीमेल खाते से भेजा गया था इसलिए पुलिस गूगल से भी मदद मांग रही है।
