हिट-एंड-रन: बस पकड़ने जा रही इंजीनियरिंग छात्रा की दर्दनाक मौत, पिता गंभीर रूप से घायल

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 12:32 PM (IST)

बीड: महाराष्ट्र के बीड जिले में हिट-एंड-रन के एक मामले में, एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे 20 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा की मौत हो गई और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

यह हादसा शनिवार रात करीब 9.30 बजे वाडवानी के पास हुआ। मृतक छात्रा की पहचान रोहिणी महादेव नाइकवाड़े के तौर पर हुई है, जो वाडवानी तहसील के देवड़ी की रहने वाली थी और पुणे में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात वह पुणे जाने के लिए प्राइवेट बस पकड़ने के लिए अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से देवड़ी से वाडवानी जा रही थी, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। 

छात्रा को गंभीर चोटें आईं और इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उसके पिता का इलाज अभी एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने कहा कि हादसे में शामिल दूसरे वाहन की पहचान करने और दुर्घटना की वजहों का पता लगाने की कोशिशें की जा रही हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News