इन मुस्लिम देशों में तेजी बढ़ी हिंदू आबादी, चौंकाने वाले आंकड़े आए सामने
punjabkesari.in Thursday, Jun 12, 2025 - 05:26 PM (IST)

नेशनल डेस्क: 2010 से 2020 के बीच वैश्विक स्तर पर हिंदू आबादी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। Pew Research Center की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह बढ़ोतरी सिर्फ भारत या नेपाल जैसे पारंपरिक हिंदू बहुल देशों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मुस्लिम बहुल देशों और पश्चिमी लोकतंत्रों में भी हिंदू जनसंख्या का विस्तार हुआ है।
62% की वृद्धि MENA देशों में
मिडिल ईस्ट और नॉर्थ अफ्रीका (MENA) क्षेत्र में हिंदुओं की संख्या में 62 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यूएई, कुवैत, सऊदी अरब, बहरीन और कतर जैसे देशों में प्रवासी भारतीय अब न सिर्फ़ काम के लिए रहते हैं, बल्कि अपने परिवारों के साथ वहीं बसने लगे हैं। इससे स्थायी हिंदू आबादी विकसित हो रही है।
55% की बढ़ोतरी अमेरिका और कनाडा में
पश्चिमी देशों की बात करें तो अमेरिका और कनाडा में हिंदू जनसंख्या में 55% की वृद्धि हुई है। न्यू जर्सी, कैलिफोर्निया और टेक्सास जैसे राज्यों में मंदिरों की संख्या में तेजी से इज़ाफा हुआ है। अमेरिकी समाज में दिवाली जैसे त्योहारों की मान्यता बढ़ी है और कई स्कूलों में अब दिवाली की छुट्टी भी दी जाने लगी है।
धार्मिक से सांस्कृतिक पहचान की ओर बढ़ता हिंदुत्व
हिंदू धर्म अब सिर्फ धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह एक वैश्विक सांस्कृतिक पहचान बनता जा रहा है। योग, आयुर्वेद और वेदांत जैसे शास्त्र अब अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों में शामिल किए जा रहे हैं। खासकर अमेरिका में हिंदू आध्यात्मिकता के प्रति आकर्षण तेजी से बढ़ रहा है।
मंदिरों और त्योहारों की गूंज मुस्लिम देशों में भी
अनेक मुस्लिम देशों में अब मंदिरों का निर्माण हो चुका है। दुबई में सार्वजनिक रूप से दशहरा, दिवाली और छठ पर्व जैसे त्योहार मनाए जा रहे हैं। यहां तक कि "जय श्रीराम" के नारे भी दुबई की सड़कों पर सुनाई देने लगे हैं - यह सांस्कृतिक विविधता और सहिष्णुता का प्रतीक बनता जा रहा है।
प्रवासी भारतीयों का योगदान महत्वपूर्ण
इस बदलाव का सबसे बड़ा श्रेय प्रवासी भारतीयों को जाता है, जिन्होंने अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं को विदेशों में जीवित रखा। इन लोगों ने केवल आर्थिक विकास में योगदान नहीं दिया, बल्कि वे जिस देश में रह रहे हैं, वहां की सांस्कृतिक विविधता को भी समृद्ध किया है।