वोट चोरी के आरोपों पर हिमंत शर्मा का कांग्रेस पर पलटवार, राहुल गांधी के सामने रखी बड़ी शर्त
punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 08:46 PM (IST)
नेशनल डेस्क : असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि यदि केरलम, कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारें इस्तीफा दे देती हैं, तो वह मतपत्रों के जरिए चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि इन राज्यों में भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में कथित तौर पर ''वोट चोरी'' के जरिए सरकारें बनी थीं।
शर्मा ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस के अभियान को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनकी पार्टी पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा, ''अगर राहुल गांधी और कांग्रेस अपनी सरकारों के इस्तीफे के लिए तैयार हैं, तो मैं मतपत्रों के जरिए चुनाव लड़ने को तैयार हूं। केरलम, कर्नाटक और तेलंगाना की सरकारों को इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि इन राज्यों में भी ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में 'वोट चोरी' के जरिए सरकारें बनी थीं।''
एसआईआर का बचाव करते हुए शर्मा ने कहा कि देश में जनसांख्यिकीय बदलावों पर नियंत्रण के लिए यह प्रक्रिया जरूरी है। उन्होंने कहा, "भारत में एसआईआर की जरूरत है। बड़े पैमाने पर अवैध प्रवास के कारण असम, पश्चिम बंगाल और झारखंड की जनसांख्यिकी बदल गई है। हर दिन अवैध प्रवास हो रहा है और यदि हम मतदाता सूची से ऐसे लोगों के नाम नहीं हटा पाए, तो भारत की जनसांख्यिकी बदल जाएगी।''
उन्होंने कहा, ''मैं मांग करता हूं कि हर पांच साल में एसआईआर प्रक्रिया होनी चाहिए। तभी भारतीय लोकतंत्र को बचाया जा सकेगा।'' मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। शर्मा ने आरोप लगाया, ''वे सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। वे भारत को नेपाल और बांग्लादेश जैसा बनाना चाहते हैं।''
