दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार का कहर! रायसेन में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से मचा हड़कंप, 1 की मौत, 25 लोग घायल
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 01:16 PM (IST)
नेशनल डेस्क: मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से एक महिला की मौत हो गई और करीब 25 लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर गढ़ी में मंगलवार शाम को हुई जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) सोनल गुप्ता ने बताया कि गैरतगंज तहसील के आदिवासी ग्राम भिलाड़िया से आदिवासी समाज के 32 लोग मंगलवार की शाम को एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गढ़ी पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र विश्वकर्मा पुलिस बल एवं अन्य सहयोगियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने सभी 25 घायलों को गैरतगंज सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि अयोध्या बाई (60) नामक एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल सात लोगों में चार नाबालिग शामिल हैं। गुप्ता ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कुल 32 लोग सवार थे।
