लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर हाई अलर्ट, 1,000 से ज्यादा AI कैमरों से निगरानी
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 08:17 PM (IST)
नेशनल डेस्क : राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले पर शनिवार को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर इस ऐतिहासिक स्मारक पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने बहुस्तरीय 'आतंकवाद-रोधी प्रतिक्रिया' योजना तैयार करने के साथ-साथ एआई आधारित 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सुरक्षा एजेंसियों ने समारोह के दौरान बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न हितधारकों के साथ 'मॉक ड्रिल' भी की है। उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बांठिया ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''पिछले साल राष्ट्रीय राजधानी में हुई घटनाओं के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस बात पर खास तवज्जो दी गई है कि समारोह में शामिल होने वाले लोगों को कम से कम असुविधा हो।'' बांठिया ने कहा, ''पिछले साल राष्ट्रीय राजधानी में हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार हमारे पास व्यापक सुरक्षा इंतजाम हैं।''
1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे
अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा योजना के तहत लाल किले और उसके आसपास कई स्तरों पर सुरक्षा जांच की जाएगी। साथ ही, किसी भी संभावित खतरे, आतंकवादी हमले या आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष आतंकवाद-रोधी प्रतिक्रिया योजना भी तैयार की गई है। डीसीपी ने कहा कि पहले से ही सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया गया है एवं मॉक ड्रिल की गई है, ताकि सभी एजेंसियां तैयार रहें और किसी भी आपात स्थिति में समन्वित कार्रवाई कर सकें। उन्होंने कहा कि इलाके पर कड़ी नजर रखने के लिए लाल किले के अंदर और बाहर 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
AI सिस्टम से भी रखेंगे नजर
डीसीपी ने कहा कि कैमरे एआई-आधारित वीडियो विश्लेषण से लैस प्रणाली से जुड़े हुए हैं, जबकि 'लाइव फीड' की निगरानी एक समर्पित नियंत्रण कक्ष से की जा रही है। उन्होंने कहा कि निगरानी प्रणाली सुरक्षाकर्मियों को संदिग्ध गतिविधि, भीड़ से संबंधित मुद्दों या कानून और व्यवस्था से जुड़ी किसी अन्य स्थिति का पता लगाने और तुरंत प्रतिक्रिया देने में मदद करेगी। बांठिया ने कहा, ''कानून-व्यवस्था की जो भी स्थिति दिखेगी, हम तुरंत प्रतिक्रिया देंगे। प्रतिक्रिया दल तैयार रहेंगे और रणनीतिक स्थानों पर तैनात किए जाएंगे।''
पुलिस लाल किले के आसपास लोगों और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करेगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि सुरक्षा जांच से आगंतुकों को अनावश्यक असुविधा न हो। ऐतिहासिक लाल किले पर शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे। वह राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित भी करेंगे। समारोहों से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है। उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने और समारोहों का सुचारू और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक स्थलों पर पुलिसकर्मियों, विशेष प्रतिक्रिया टीमों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया है।
