Heavy Rain Alert: अगले 5 दिनों तक भारी बारिश के साथ घने कोहरे की चेतावनी, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD का इन राज्यों में हाई अलर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Jan 07, 2026 - 12:55 PM (IST)
नेशनल डेस्क: नए साल की शुरुआत के साथ ही देशभर में सर्दी ने अपना असर तेज कर दिया है। बीते कुछ दिनों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 5 दिनों के लिए कई राज्यों में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है।
उत्तर-पश्चिम भारत में सबसे ज्यादा असर
उत्तर-पश्चिम भारत में ठंड और ज्यादा तेज होने की संभावना है। राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में शीतलहर चलने का अनुमान है। सुबह और रात के समय घने कोहरे का भी अलर्ट जारी किया गया है, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हो सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना के चलते ठंड और बढ़ सकती है।
पूर्वी और मध्य भारत में भी ठंड का कहर
मौसम विभाग के अनुसार मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में भी सर्दी अपना असर दिखाएगी। मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। तापमान में और गिरावट आने से लोगों को दिन और रात दोनों समय ठंड का सामना करना पड़ेगा।
दक्षिण भारत में भी ठंड बढ़ने के आसार
आमतौर पर हल्की सर्दी झेलने वाले दक्षिण भारत में भी इस बार ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा सकता है। आईएमडी ने कर्नाटक के दक्षिणी आंतरिक इलाकों और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में अगले 5 दिनों तक शीतलहर चलने की चेतावनी दी है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी शीतलहर का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज सख्त रहने वाला है। अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर और नागालैंड में ठंड बढ़ने के साथ शीतलहर की संभावना जताई गई है।
सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी रखने की जरूरत है। अगले कुछ दिन देश के कई हिस्सों में बेहद ठंडे रहने वाले हैं।
