झारखंड में भारी बारिश का कहर, 5 लोगों की मौत... एक लापता; कई घायल

punjabkesari.in Saturday, Aug 23, 2025 - 01:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क: झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। वहीं, एक व्यक्ति लापता है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात सरायकेला-खरसावां जिले में एक मकान ढहने से एक महिला और उसके 7 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि राजनगर प्रखंड के दांडू गांव में हुई इस घटना में 8 लोग घायल भी हो गए। राजनगर के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मलय दास ने बताया, ‘‘जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। वहीं, संतोष लोहार नामक व्यक्ति का कच्चा मकान गिरने से आठ अन्य लोग घायल हो गए।'' एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब संतोष के कुछ रिश्तेदार उसके घर आए हुए थे।
PunjabKesari
पुलिस ने बताया कि जिले में एक अन्य घटना में, शनिवार सुबह एक घर की दीवार गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। उसने बताया कि यह घटना खरसावां थाना क्षेत्र के कोल शिमला में तड़के चार बजे हुई। खरसावां थाने के प्रभारी गौरव कुमार ने बताया, ‘‘मुन्ना बोदरा के घर की दीवार गिर गई, जिससे उसके पांच साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बोदरा, उसकी पत्नी और दो साल की बेटी घायल हो गए। उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।'' एक अधिकारी ने बताया कि चतरा जिले के कटघरा गांव में शुक्रवार को एक दंपति उफनती नदी में बह गए। गिधौर के बीडीओ राहुल देव ने बताया, ‘‘ पति का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि पत्नी अब भी लापता है।''
PunjabKesari
अधिकारियों ने बताया कि जिले के पत्थलगडा प्रखंड के खैराटोला गांव में भी बारिश से संबंधित घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पिछले 24 घंटों से राज्य में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, घर ढह गए और सड़कें तथा खेत जलमग्न हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि रांची में पिस्का स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज के दोनों ओर के कंक्रीट के स्लैब गिर गए जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भीषण जाम लग गया।

25 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी
उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शहर के ब्राम्बे बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जलभराव के कारण भी यातायात में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ। चतरा के पथगड़ा में भारी बारिश के बीच एक कुक्कुट पालन केन्द्र में सैकड़ों मुर्गियां मर गईं। जमशेदपुर में मानगो पुल पर स्वर्णरेखा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। आदित्यपुर ब्रिज पर खरकई नदी भी लाल निशान से ऊपर बह रही है। आईएमडी ने 25 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News