देरी से ही सही, पर आ गया मानसून: मुंबई के कई इलाकों में सुबह गरज-चमक के साथ भारी बारिश, सड़कों पर भरा पानी

punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 10:40 AM (IST)

Mumbai Rain Alert : मुंबई वासियों के लिए आज की सुबह एक बड़ी राहत लेकर आई। महानगर के कई इलाकों में सुबह-सुबह गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। लगातार दूसरे दिन हुई इस मानसूनी फुहार से मुंबई के लोगों को पिछले कई दिनों से सता रही भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस से काफी राहत मिली है। जिसके बाद से लोगों के चेहरे भी खिले हुए नज़र आ रहें हैं। सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं ने मौसम को बेहद सुहावना बना दिया है।

 

 

बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर 10 जून के आसपास मुंबई पहुंच जाता है लेकिन इस वर्ष इसके आगमन में देरी हुई है। इस महीने की शुरुआत में मानसून दक्षिण कोंकण तक पहुंच गया था लेकिन प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण मानसून आगे नहीं बढ़ा। 

 

अधिकारियों के अनुसार सोमवार सुबह शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई जिससे कई स्थानों पर दृश्यता कम हो गई और यातायात प्रभावित हुआ। बारिश की वजह से रफ्तार धीमी होने के बाद वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भारी जाम लग गया और कई इलाकों में पानी भरने और हाईवे पर सब्ज़ियों से लदा एक ट्रक पलटने से ट्रेफिक की समस्या और बढ़ गई। सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। 

 

 

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 6 बजे से सात बजे के बीच औसतन 17 मिमी बारिश हुई। पश्चिमी उपनगरों में 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई जबकि पूर्वी उपनगरों में इस अवधि के दौरान ऐसी कोई बारिश नहीं हुइ जिसे मापा जाए। 

 

 

मुंबई के वरली नाका स्थित सावित्रीबाई फुले बीएमसी स्कूल में एक घंटे में सबसे अधिक 61 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद जी-दक्षिण वार्ड (प्रभादेवी) में 58 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वरली स्थित आदर्श नगर स्कूल और मालाबार हिल में 44-44 मिमी बारिश हुई जबकि वरली फायर स्टेशन में 42 मिमी और एफ-दक्षिण वार्ड (परेल) में 41 मिमी बारिश हुई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News