Heavy Rain Alert: अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश के साथ घने कोहरे की चेतावनी, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD का इन राज्यों में हाई अलर्ट

punjabkesari.in Saturday, Jan 10, 2026 - 11:33 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में अगले 2-3 दिनों के दौरान सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में अगले 2-3 दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है।

कहाँ-कहाँ बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 10-11 जनवरी के दौरान शीतलहर के चलते ठंड बढ़ सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में भी 10 जनवरी को ठंड का असर रहेगा। राजस्थान के कुछ हिस्सों में 11-14 जनवरी के दौरान कोल्ड डे और शीतलहर बनी रहने की संभावना है। 10-11 जनवरी को अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इससे इन राज्यों में ठंड और बर्फबारी के असर के साथ मौसम अस्थिर रहने की संभावना है।


दिल्ली-एनसीआर में सर्दी और हल्की बारिश
IMD ने बताया कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में शीतलहर का असर रहेगा। शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे ठंड थोड़ी बढ़ गई है।


उत्तर प्रदेश में राहत की संभावना
उत्तर प्रदेश के लोगों को अगले 2-3 दिनों में ठंड और कोहरे से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार धूप निकलने के कारण ठंड और कोहरे में कमी आएगी। कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना भी जताई गई है। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है।


हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और शीतलहर
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का असर और भी तेज़ है। मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में अत्यधिक ठंड दर्ज की गई। बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा। पालमपुर, सोलन, मनाली, नारकंडा, रिकांगपिओ और ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। राजधानी शिमला और समदो में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने जनता से आग्रह किया है कि ठंड और कोहरे के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए। सुबह और रात के समय बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें और सड़क पर ड्राइविंग करते समय कम विजिबिलिटी के चलते सतर्क रहें।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News