पुणे: मास्क न पहनने वालों पर लगा भारी जुर्माना, पुलिस ने एक हफ्ते में वसूले 1 करोड़ रुपए

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2020 - 12:12 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कोरोना वायरस के कहर के बीच देश में जैसे ही अनलॉक की शुरुआत हुई, धीरे-धीरे लोगों ने घरों से बाहर निकला शुरू किया। इस दौरान कई लोग तो कोरोना के नियमों की अच्छे से पालना कर रहे हैं लेकिन कुछ लोग हैं जो मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ अब पुणे पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुणे पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 2 सितंबर से लेकर 10 सितंबर तक बिना मास्क घरों से निकलने वालों के खिलाफ PMC के साथ मिलकर 27,989 लोगों के चालान किए हैं।

 

पुणे पुलिस ने मास्क नहीं पहनने पर 500 रुपए के चालान से 13,994,500 रुपए इकट्ठा किए हैं। पुणे पुलिस के डीसीपी बच्चन सिंह ने शनिवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया गया कि 2 सितंबर से 10 सितंबर के बीच कुल 27,989 लोग पकड़े गए जिन्होंने या तो मास्क नहीं पहना था या सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया। डीसीपी बच्चन सिंह ने बताया कि मास्क नहीं पहनने पर हर एक उल्लंघनकर्ता को 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। मास्क न पहनकर खुद  और दूसरों के संक्रमित होने का खतरा पैदा करने वालों से जुर्माने के रूप में अब तक कुल 1,39,94,500 रुपए वसूले जा चुके हैं।

 

जिला कलेक्टर राजेश देशमुख ने बताया कि पुणे के ग्रामीण इलाकों में मास्क न पहनने वालों से जुर्माने के रूप में लगभग 1.5 करोड़ रुपए जमा किए जा चुके हैं। वहीं अब महाराष्ट्र के ठाणे शहर में भी मास्क नहीं पहनने वाले पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम ने एक आदेश जारी कर इसकी जानकारी दी है। बता दें, महाराष्ट्र में कोरोना का कहर सबसे ज्यादा है। राज्य में 280138 कोरोना केस हैं। अकेले महाराष्ट्र में 29115 लोगों की मौत हो चुकी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News