हर तरफ तबाही ही तबाही... बुलेट की रफ्तार से आया आंधी-तूफान, घर और फसलों समेत सब कुछ कर दिया बर्बाद
punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2025 - 08:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गायघाट क्षेत्र में मंगलवार दोपहर अचानक एक तेज तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस तूफान में तेज हवाएं और ओलावृष्टि के कारण करीब 35 कच्चे मकान ढह गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। इसके अलावा, खड़ी फसलें भी बर्बाद हो गईं। इस प्राकृतिक आपदा के बाद लोग दहशत में हैं और खुले आसमान के नीचे रह रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तूफान इतनी तेजी से आया कि उन्हें संभलने का समय ही नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में घरों की छतें उड़ गईं, दीवारें गिर गईं और खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो गईं। शैफाली नाम की महिला ने बताया कि इस तूफान ने उनका सब कुछ उजाड़ दिया। उनके घर की छत उड़ गई और फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं, साथ ही उनके कुछ जानवर भी मर गए।
ग्रामीणों ने बताया कि किसानों को इस आपदा से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। गोपाल सेन नाम के एक व्यक्ति ने बताया कि उनके घर की छत उड़ गई और उन्हें बहुत नुकसान हुआ। वहीं, प्रीतम मंडल ने बताया कि तूफान ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया और उनकी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं। अब वे खाने के लिए भी मोहताज हो गए हैं।
स्थानीय लोग सरकार से राहत की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक किसी भी प्रकार की मदद नहीं मिली है। वे प्रशासन से जल्द राहत की गुहार लगा रहे हैं।