दुनिया के सबसे बड़े निवेशक को लगा बड़ा झटका, 31,600 करोड़ का हुआ नुकसान
punjabkesari.in Sunday, Aug 03, 2025 - 11:16 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दुनिया के सबसे बड़े निवेशकों में गिने जाने वाले वॉरेन बफेट की कंपनी बर्कशायर हैथवे को अपने एक निवेश पर बड़ा झटका लगा है। कंपनी को Kraft Heinz में किए गए निवेश पर 3.8 अरब डॉलर (करीब 31,600 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है। आमतौर पर मुनाफे वाले निवेश के लिए पहचाने जाने वाले बफेट के लिए यह एक कड़वा अनुभव रहा।
दूसरी तिमाही में 59% तक गिरा मुनाफा
साल 2025 की दूसरी तिमाही में बर्कशायर हैथवे के मुनाफे में 59 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई। कंपनी का नेट प्रॉफिट घटकर 12.37 अरब डॉलर (करीब 10.79 लाख करोड़ रुपये) रह गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 30.25 अरब डॉलर (करीब 26.38 लाख करोड़ रुपये) का मुनाफा हुआ था।
Kraft Heinz बना चिंता की वजह
बर्कशायर हैथवे की मुश्किलें Kraft Heinz में निवेश के कारण बढ़ी हैं। हालांकि बफेट ने इस कंपनी में 2015 में जब Kraft और Heinz का विलय हुआ था, तब निवेश किया था और शुरुआत में मुनाफा भी मिला, लेकिन अब स्थितियाँ बदल चुकी हैं। 2015 से अब तक कंपनी के शेयरों में 62 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि इस दौरान अमेरिका का प्रमुख इंडेक्स S&P 500 में 202 प्रतिशत का उछाल देखा गया है।
कंपनी के सामने बढ़ती चुनौतियां
- Kraft Heinz इन दिनों कई समस्याओं से जूझ रही है।
- बढ़ती महंगाई ने उपभोक्ता खर्च को प्रभावित किया है।
- लोग अब स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग हो गए हैं और हेल्दी फूड विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
- इसके चलते कंपनी की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है और ग्राहक अब अन्य ब्रांड्स को प्राथमिकता दे रहे हैं।
- कंपनी इस संकट से उबरने के लिए अपने कारोबार का एक हिस्सा अलग करने पर विचार कर रही है।
बर्कशायर ने हिस्सेदारी घटाई
बर्कशायर हैथवे की वर्तमान में Kraft Heinz में 27 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है। हालांकि, जून 2025 की तिमाही के अंत तक इस हिस्सेदारी को घटाकर 8.4 अरब डॉलर कर दिया गया है। पिछले दो वर्षों में बफेट की कंपनी ने इस निवेश को लगातार कम किया है, और इस साल की शुरुआत में बर्कशायर के प्रतिनिधियों ने Kraft Heinz के बोर्ड से इस्तीफा भी दे दिया।