कांग्रेस विधायक दल के भाजपा में विलय को स्वीकार कर लिया है: गोवा विधानसभा अध्यक्ष
punjabkesari.in Thursday, Sep 15, 2022 - 12:45 PM (IST)

पणजी: गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रमेश तावड़कर ने वीरवार को कहा कि उन्होंने कांग्रेस विधायक दल के सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विलय को स्वीकार कर लिया है। तावड़कर ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने कांग्रेस विधायकों द्वारा दिए गए पत्र पर गौर किया और पाया कि उनके पास आवश्यक संख्या बल है। गोवा में कांग्रेस के 11 में से 8 विधायकों ने बुधवार को विधायक दल का भाजपा में विलय करने का प्रस्ताव पारित किया था।
बता दें कि गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में अब विपक्ष में महज तीन विधायक रह गये हैं। आठ विधायक-- पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत, माइकल लोबो, डेलियाह लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नाईक, संकल्प अमोनकर, एलेक्सो सेक्वीरा एवं रूडोल्ड फर्नांडीज आज मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सदानंद शेट तनावडे की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गये।
सावंत की उपस्थित में लोबो ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल ने बुधवार को सुबह एक बैठक की जिसमें उन्होंने भाजपा में विलय का फैसला किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के हाथ मजबूत करने के लिए यह फैसला किया गया। उन्होंने कहा कि गोवा से हमने कांग्रेस छोड़ो यात्रा शुरू की है।