IMD rain alert: पश्चिमी विक्षोभ अभी भी सक्रिय: इस राज्य के 10 जिलों में फिर होगी जोरदार बारिश, घने कोहरे की चेतावनी जारी
punjabkesari.in Saturday, Jan 24, 2026 - 03:29 PM (IST)
नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जारी बारिश और बर्फबारी ने ठंड में इजाफा कर दिया है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने अपना असर दिखाया और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि के भी दृश्य देखने को मिले।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 24 से 26 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सुबह और रात के समय घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी कोहरे के बढ़ने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में बारिश के बाद कड़ाके की ठंड
राजस्थान में हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम ने फिर करवट ली है और कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। राज्य के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार सुबह बताया कि बीते 24 घंटे में कई क्षेत्रों में अत्यधिक ठंड और अति शीत दिवस दर्ज किए गए। इस दौरान भरतपुर समेत कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, वहीं कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी देखी गई।
सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार को हरियाणा के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला। रात से शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं ने तापमान का संतुलन बिगाड़ दिया। कई जिलों में सुबह 10 बजे तक आसमान में घने बादल छाए रहे, जिससे दिन में भी अंधेरे जैसा माहौल बन गया।
बहु मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) January 23, 2026
मुख्यबिंदु:
(i) स्पष्ट रूप से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र के कारण, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से मध्यम व्यापक वर्षा/हिमपात और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है; उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में भी आज, 23 जनवरी, 2026 को… pic.twitter.com/M5dm96bpd4
तापमान में बड़ा उलटफेर
मौसम बदलते ही रात के तापमान में 5 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि दिन का तापमान 8 से 12 डिग्री तक गिर गया। सिरसा, भिवानी और फरीदाबाद के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी, हालांकि अधिकांश जिलों में हुई बारिश रबी फसलों के लिए लाभकारी साबित हुई है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार 25 जनवरी तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं 27 और 28 जनवरी को एक और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के असर की संभावना जताई गई है। कैथल (गुहला), कुरुक्षेत्र (पिहोवा व शाहबाद) और अंबाला में तेज आंधी और ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। नमी बढ़ने के कारण कई इलाकों में घना कोहरा छाने की चेतावनी भी दी गई है, जहां यलो अलर्ट लागू है।
जिलावार हालात की तस्वीर
सिरसा
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के 13 गांवों में भारी ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों और चने की फसल को भारी नुकसान हुआ। वहीं जिले के अन्य हिस्सों में करीब 8 एमएम बारिश से फसलों को फायदा भी मिला है। 27 जनवरी तक बारिश जारी रहने के संकेत हैं।
यमुनानगर
20 MM बारिश और तेज तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रादौर में लोहे का शेड बिजली लाइन पर गिर गया, जबकि अमादलपुर में एक प्लाईवुड फैक्ट्री की 110 फीट ऊंची चिमनी धराशायी हो गई। आधे शहर की बिजली गुल रही और करीब 200 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए।
अंबाला
यहां 42.2 एमएम बारिश दर्ज की गई, जो इस मौसम की सबसे अधिक मानी जा रही है। तूफान के कारण 55 बिजली पोल और 17 ट्रांसफार्मर गिर गए। दिन के तापमान में 12 डिग्री की गिरावट आई, जिससे कई इलाकों में ब्लैकआउट जैसे हालात बन गए।
चरखी दादरी
लगातार हो रही बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। सिंचाई की जरूरत न पड़ने से करीब ढाई करोड़ रुपये का लाभ होने का अनुमान है। हालांकि 7 फीडरों की बिजली सप्लाई बाधित होने से लगभग तीन लाख लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
जींद
औसतन 13.7 MM वर्षा हुई। बारिश के चलते गणतंत्र दिवस समारोह की रिहर्सल का स्थान बदलना पड़ा। जलालपुर में हल्की ओलावृष्टि हुई, लेकिन फसलों को नुकसान नहीं पहुंचा। नरवाना में सर्वाधिक 20 एमएम बारिश दर्ज की गई।
फतेहाबाद
लगातार 10 घंटे तक हुई 16 एमएम बारिश ने रबी फसलों को नई ऊर्जा दी। टोहाना और जाखल में 25-25 एमएम वर्षा के कारण बाजारों और सड़कों पर जलभराव हो गया। ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी।
कैथल
35 एमएम बारिश के चलते बाजार सूने रहे और लोग घरों में ही रहे। किसानों के मुताबिक यह बारिश गेहूं की फसल के लिए बेहद फायदेमंद है। 25 जनवरी तक तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है।
करनाल
20.4 एमएम वर्षा और 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी। शाम को नमी का स्तर 98 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे घने कोहरे के आसार बन गए हैं।
पानीपत
18.2 एमएम बारिश के बाद प्रदूषण स्तर में सुधार हुआ और एक्यूआई घटकर 204 दर्ज किया गया। हालांकि निचले इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली और दिनभर सर्दी बनी रही।
रोहतक
5 एमएम बारिश से तापमान में गिरावट आई और ठंड तेज हो गई। कृषि विशेषज्ञों ने इसे फसलों के लिए लाभकारी बताया, लेकिन शहर के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया।
