हरियाणा कृषि विकास मेला 8 अक्टूबर से शुरू
punjabkesari.in Thursday, Sep 14, 2023 - 06:32 PM (IST)

चण्डीगढ, 14 सितम्बर-(अर्चना सेठी) चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने बताया कि में 8 से 10 अक्टूबर तक कृषि विश्वविद्यालय के मेला ग्राउंड में हरियाणा कृषि विकास मेले-2023 का आयोजन किया जाएगा। मेले में आगंतुक किसानों को विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा श्री अन्न की खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएंगी।
कुलपति ने बताया कि मेले में बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि मशीनें व कृषि यंत्र निर्माता कंपनियां भाग लेंगी। किसानों को विभिन्न कृषि कार्यों के लिए मशीनों, यंत्रों एवं उनकी कार्यप्रणाली के बारे में जानने का अवसर भी मिलेगा। इस मेले के दौरान हरियाणा के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेले में किसानों को विश्वविद्यालय की ओर से सिफारिश की गई रबी फसलों के उन्नत बीज तथा बायोफर्टिलाईजर के अलावा कृषि साहित्य उपलब्ध करवाया जाएगा। मेला स्थल पर विभिन्न सरकारी बीज एजेंसियों के सहयोग से बिक्री काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा किसानों को विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्म पर वैज्ञानिकों द्वारा उगाई गई खरीफ फसलें दिखाई जाएंगी तथा उनमें प्रयोग की गई तकनीकी की जानकारी दी जाएगी।