गुजरात: भूपेंद्र पटेल टीम का शपथ ग्रहण, जितेंद्र वघानी और राजेंद्र त्रिवेदी बने मंत्री
punjabkesari.in Thursday, Sep 16, 2021 - 02:02 PM (IST)
नेशनल डेस्क: गुजरात में भूपेंद्र पटेल सरकार के नए मंत्रियों ने गुरुवार दोपहर पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। भूपेंद्र पटेल की टीम में युवा मंत्रियों को जगह दी गई है। साल 2022 में विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात में पूरी की पूरी कैबिनेट बदल दी गई है।
गुजरात सरकार की नई कैबिनेट में ये मंत्री
- 1. राजेंद्र त्रिवेदी
- 2. जितेंद्र वघानी
- 3. ऋषिकेश पटेल
- 4. पूर्णश कुमार मोदी
- 5. राघव पटेल
- 6. उदय सिंह चव्हाण
- 7. मोहनलाल देसाई
- 8 . गणेश पटेल
- 9. हर्ष सांघवी
- 10. जगदीश ईश्वर
- 11. बृजेश मेरजा
- 12. जीतू चौधरी
- 13. मनीषा वकील
- 14. कनुभाई देसाई
- 15. किरीट सिंह राणा
- 16. प्रदीप सिंह परमार
- 17. अर्जुन सिंह चौहान
बुधवार को होना था शपथ ग्रहण समारोह
भाजपा ने पहले कहा था कि बुधवार को ही शपथ ग्रहण होगा। यहां तक कि राज भवन पर लगे पोस्टरों में शपथ ग्रहण समारोह में 15 सितंबर की तारीख लिखी हुई थी। लेकिन कई नेताओं की नाराजगी के चलते शपथ समारोह टाल दिया गया। मुख्यमंत्री पद से विजय रूपाणी के गत शनिवार को अचानक इस्तीफा देने के बाद सोमवार को भूपेंद्र पटेल (59) ने नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। पटेल को रविवार को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था और सोमवार को गांधीनगर में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें राज्य के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई थी। उस समय अकेले उन्होंने ही शपथ ली थी।
अगले साल गुजरात में होने हैं चुनाव
पटेल को गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश की वर्तमान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का करीबी माना जाता है। ऐसे में जब दिसंबर 2022 में राज्य विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है, भाजपा ने चुनाव में जीत के लिए पटेल पर भरोसा जताया है, जो कि एक पाटीदार हैं। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य विधानसभा की 182 सीटों में से 99 सीटें जीतीं थी, जबकि कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं।