इस गुजराती भक्त ने लुटाया महाकाल पर प्यार: श्री महाकालेश्वर मंदिर में भेंट किए 70 लाख की चांदी
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 07:44 AM (IST)
उज्जैन: श्री महाकालेश्वर मंदिर में आस्था का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। अहमदाबाद के रहने वाले महेश भाई भगवानदास ठाकुर ने सोमवार को मंदिर समिति को लगभग 29 किलो से अधिक वजन के चांदी के आभूषण और पूजन सामग्री भेंट की है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई जा रही है।
श्रद्धा के इस महादान में बाबा के लिए विशेष रूप से तैयार की गई चांदी की पगड़ी, गंगाजली वाला मुकुट, नागफनी और सूर्य की किरणों से सुसज्जित मुकुट शामिल हैं। केवल मुकुट ही नहीं, बल्कि बाबा की आरती और श्रृंगार में उपयोग होने वाली हर छोटी-बड़ी वस्तु अब चांदी की आभा से चमकती नजर आएगी। दान की गई वस्तुओं में चंद्रमा, मुण्डमाला, कुंडल, गरुड़, डमरू, घंटी और रुद्राक्ष की माला जैसे कई बेशकीमती रत्न जड़ित आभूषण शामिल हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस पूरे दान का कुल वजन 29 किलो 941 ग्राम दर्ज किया गया है।
सहायक प्रशासक एस.एन. सोनी ने बताया कि भक्त ने बड़ी ही सादगी के साथ अपने परिवार सहित मंदिर पहुंचकर यह सामग्री सौंपी। हालांकि बाजार के हिसाब से इसकी कीमत 70 लाख रुपए के आसपास है, लेकिन इसकी असल वैल्यू चांदी की शुद्धता की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। इस निस्वार्थ भेंट के लिए मंदिर प्रबंध समिति ने दानदाता महेश भाई का आत्मीय स्वागत किया और बाबा का आशीर्वाद उन पर बना रहे, ऐसी मंगल कामना की।
