पाटन में दर्दनाक हादसा: झील में डूबने से 5 लोगों की मौत, गांव में शोक की लहर
punjabkesari.in Monday, Feb 10, 2025 - 04:34 PM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2025_2image_16_33_5798831380158.jpg)
नेशनल डेस्क: गुजरात के पाटन जिले के वडावली गांव में एक दुखद घटना घटी, जिसमें पांच लोगों की झील में डूबने से मौत हो गई। ये लोग बकरियां चराने के लिए झील के किनारे गए थे, लेकिन एक लड़की के गिरने के बाद अन्य लोग उसे बचाने के लिए झील में कूद पड़े और उनकी भी जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को पाटन जिले के चाणस्मा के वडावली गांव में यह हादसा हुआ। मृतकों में दो बच्चे, एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। इन लोगों का झील में गिरने के बाद बुरी तरह से डूब जाने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह घटना गांव के बाहरी इलाके की है, जहां ये लोग बकरियां चराने के लिए पहुंचे थे। एक लड़की का पैर फिसलने से वह झील में गिर गई, जिसे बचाने के लिए अन्य लोग भी कूद पड़े, जिससे उनकी भी डूबने से मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना उस वक्त हुई जब यह परिवार अपनी बकरियों को चराने के लिए झील के किनारे गए थे। बकरियों के घर लौटने के बाद, जब ये लोग वापस नहीं लौटे तो उनके परिजन झील के पास पहुंचे और उनकी खोजबीन शुरू की। वहां पर इनकी चप्पलें बिखरी हुई मिलीं, जिससे यह अनुमान लगाया गया कि वे झील में डूब गए हैं। इसके बाद स्थानीय तैराकों की मदद से शवों की तलाश की गई और सभी शव झील से बाहर निकाले गए। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और स्थानीय लोग मृतकों के अंतिम संस्कार के दौरान गमगीन दिखे।