4 जून को जनता के अच्छे दिन आएंगे, मोदी जी जाएंगे : गोपाल राय

punjabkesari.in Thursday, May 09, 2024 - 11:10 PM (IST)

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि जब चार जून को चुनाव के परिणाम आएंगे तब देश की जनता के अच्छे दिन आएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जाएंगे। गोपाल राय ने गुरुवार को नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के मालवीय नगर विधानसभा में‘‘जेल का जवाब वोट से‘'अभियान के तहत संकल्प सभा में कहा कि चार जून को चुनाव के परिणाम आएंगे। उस दिन देश की जनता के अच्छे दिन आएंगे और मोदी जाएंगे। 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को फर्जी मामले में जेल में डालकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने खुद दिल्ली में अपनी हार सुनिश्चित कर दी है। दिल्लीवालों ने  केजरीवाल को मुख्यमंत्री चुना है। उनके जेल जाने के बाद दिल्ली की जनता खुद चुनाव लड़ रही है और भाजपा को जेल का जवाब वोट से देगी। उन्होंने कहा कि देश में तीन चरणों के चुनाव हो चुके हैं। 

पूरे देश से खबर आ रही है कि इस बार पूरा देश कह रहा है कि अच्छे दिन आने वाले हैं और मोदी इस लोकसभा चुनाव से जाने वाले हैं। देश का नौजवान सड़कों पर अपनी डिग्रियां लिए घूम रहा है और पूछ रहा है दो करोड़ रोजगार के वादे का क्या हुआ। देश में महंगाई क्यों बढ़ रही है, मणिपुर में महिलाओं के साथ अत्याचार क्यों हुआ, देश के अन्नदाता किसान के लिए कीले क्यों बिछाई गई। एक तरफ भाजपा के नेता अबकी बार 400 पार का नारा लगा रहे हैं तो दूसरी तरफ देश की जनता अबकी बार भाजपा की हार का नारा लगा रही है। 

आप नेता ने कहा कि पूरे देश से खबर आ रही है कि भाजपा तमिलनाडू, पश्चिम बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र में हार रही है। पूरे देश से भाजपा के हार के संकेत मिल रहे हैं। जितना हार की खबर आती है, उतना ही भाजपा वाले बौखलाहट में कुछ भी बोलते जा रहे हैं। उनको समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करें। 

उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाह सरकार जो करना चाह रही है, वह देश बर्दाश्त नहीं करेगा। यह चुनाव प्रधानमंत्री, मंत्री और सांसद बनाने का चुनाव नहीं, बल्कि इस देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। 25 मई को अगर आपने कोई गलती की, 4 जून को परिणाम आने के बाद अगर भाजपा गलती से भी 400 पार हो गई तो इस देश में दोबारा चुनाव नहीं होगा।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News