Gold Price Crash : एक बार फिर गिरे सोने-चांदी के दाम, 1.5 लाख से नीचे आई कीमत
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 08:46 PM (IST)
नेशनल डेस्क : राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतें 1,200 रुपये घटकर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं। वहीं चांदी की कीमत 4,000 रुपये टूट गई। ऐसा कमजोर वैश्विक रुख के बीच डॉलर के मजबूत होने की वजह से हुआ। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत मंगलवार के 1,49,300 रुपये के बंद स्तर से 1,200 रुपये घटकर 1,48,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गई। चांदी की कीमतों में भी लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रही और यह 4,000 रुपये टूटकर 2,31,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गई।
पिछले सत्र में यह 10,500 रुपये की भारी गिरावट के बाद 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, जो दो सप्ताह से ज्यादा समय में सबसे बड़ी गिरावट थी। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि हालिया गिरावट से चांदी की कीमतें अप्रैल की शुरुआत वाले स्तर पर आ गई हैं, जब यह 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ''बुधवार को सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही, क्योंकि डॉलर में तेज उछाल और सख्त मौद्रिक नीति की बढ़ती संभावना ने कीमती धातुओं पर दबाव बनाए रखा।''
विदेशी बाजारों में, हाजिर सोना 52.01 डॉलर या 1.3 प्रतिशत टूटकर 4,058.10 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी लगभग दो प्रतिशत टूटकर 60.48 डॉलर प्रति औंस रह गई। मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ''बुधवार को सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही और यह 4,050 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा था, क्योंकि डॉलर इंडेक्स एक बार फिर मजबूत होकर 101 के स्तर को पार कर रहा है, जो मई, 2025 के बाद सबसे ज्यादा है।''
