सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट...जानें आज के एक तोला सोने की कीमत

punjabkesari.in Friday, Aug 30, 2024 - 11:25 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देश में शुक्रवार को सोना और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमत 72 हजार रुपए से नीचे आ गई है, जबकि चांदी के दाम 85 हजार रुपए प्रति किलोग्राम से कम हो गए हैं। विदेशी बाजारों में सोना और चांदी की कीमतों में आई गिरावट का असर भारत के MCX पर भी देखा जा रहा है।

डॉलर इंडेक्स में मामूली सुधार के कारण न्यूयॉर्क के कॉमेक्स मार्केट में सोने की कीमत में कमी आई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी डेटा और फेड द्वारा ब्याज दरों के ऐलान तक सोने की कीमतों में इस तरह की गिरावट जारी रह सकती है।

सोने की कीमत में गिरावट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर शुक्रवार सुबह 10:30 बजे सोने की कीमत में 293 रुपए की गिरावट के साथ 71,895 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई है। कारोबार के दौरान सोने की कीमत 332 रुपए तक गिरी और दिन के न्यूनतम स्तर पर 71,856 रुपए पर पहुंच गई। आज सुबह सोने की कीमत 71,900 रुपए पर खुली थी, जबकि कल सोना 72,188 रुपए पर बंद हुआ था।

चांदी की कीमत में कमी
चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखी जा रही है और ये 85 हजार रुपए प्रति किलोग्राम से नीचे आ गई हैं। आंकड़ों के अनुसार, चांदी सुबह 10:30 बजे 542 रुपए की गिरावट के साथ 84,330 रुपए पर कारोबार कर रही है। कारोबारी सत्र के दौरान चांदी की कीमत 622 रुपए तक गिरी और दिन के न्यूनतम स्तर पर 84,250 रुपए पर पहुंच गई। आज चांदी 84,528 रुपए पर खुली थी।

विदेशी बाजारों में गिरावट
न्यूयॉर्क के कॉमेक्स बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। सोना फ्यूचर्स की कीमत 13.40 डॉलर प्रति औंस की गिरावट के साथ 2,546.90 डॉलर प्रति औंस पर है। वहीं, सोना स्पॉट की कीमत 7.52 डॉलर की गिरावट के साथ 2,513.88 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।

चांदी के दाम भी कॉमेक्स बाजार में सुस्त हैं। चांदी फ्यूचर्स की कीमत 0.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 29.79 डॉलर प्रति औंस पर है, जबकि चांदी स्पॉट की कीमत 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 29.37 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News