देश को सुधारने के लिए भगवान ने आम आदमी पार्टी को चुना, 2027 में गुजरात में बनाएंगे सरकार: केजरीवाल

punjabkesari.in Sunday, Dec 18, 2022 - 06:53 PM (IST)

नेशनल डेस्क: ‘आप' की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में सीएम अरविंद केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश को सुधारने के लिए भगवान ने आम आदमी पार्टी को चुना है। हमारा विजन पार्टी नहीं, देश है। दिल्ली सीएम ने दावा किया कि 2027 में गुजरात में हमारी सरकार बनेगी। केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप इकलौती पार्टी है, जो 10 सालों में नेशनल पार्टी बन गई है। 

ED और CBI छोड़ देती है मोदी सरकार
केजरीवाल ने अपने भाषण में बीजेपी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि, केंद्र की मोदी सरकार ने देश को लोगों की हालत इतनी बदतर कर दी है कि बड़े-बड़े उद्योगपति देश छोड़कर जा रहे हैं।पिछले 5 से 7 साल में 12.5 लाख लोग भारत छोड़कर जा चुके हैं। ये सरकार किसी को भी काम करने नहीं देती है। अगर कोई ईमानदारी से काम करता है तो उसके पीछे ED और CBI छोड़ देती है। सभी चोरों को अपनी पार्टी में लेकर ईमानदारी से काम करने वाले को देश छोड़ने के लिए मजबूर करती है। 

आम आदमी पार्टी का विजन क्या है?
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली ने दिखा दिया कि बेरोजगारी और महंगाई का समाधान हो सकता है लेकिन इसके पीछे अच्छी नियत होनी चाहिए। उन्होंने कहा लोग मुझसे पूछते हैं कि आम आदमी पार्टी का विजन क्या है? केजरीवाल ने कहा कि मेरे पास आम आदमी और पार्टी के लिए कोई विजन नहीं है, लेकिन देश के लिए कई विजन हैं। भारत 130 करोड़ लोगों का परिवार है। देश में धर्म के नाम पर हिंसा नहीं होनी चाहिए। अगर सभी धर्म मिलकर काम नहीं करेंगे तो देश तरक्की नहीं करेगा, जो पार्टी देश के टुकड़े-टुकड़े करना चाहती है, वह देश को पीछे ले जाना चाहती है।

"बीजिंग को इनाम" दे रही मोदी सरकार
पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि सीमा पर चीनी आक्रामकता बढ़ रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार कहती है, ''सब कुछ ठीक है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि चीन को "सज़ा देने" के बजाय, मोदी सरकार इस पड़ोसी देश से बड़ी मात्रा में आयात की अनुमति देकर "बीजिंग को इनाम" दे रही है, जबकि भारतीय सैनिक चीनी सैनिकों का डटकर मुकाबला कर रहे हैं और अपनी जान तक दे देते हैं। अगर भारत ने आयात बंद कर दिया तो चीन को औकात पता चल जाएगी।“

भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से लोग तंग
केजरीवाल ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि जनता को राहत देने का उसका कोई इरादा नहीं है। उन्होंने दावा किया, "लोग केंद्र में भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से तंग आ चुके हैं। दिल्ली में ‘आप' सरकार ने दिखाया है कि मुद्रास्फीति को नियंत्रित किया जा सकता है और नौकरियां पैदा की जा सकती हैं। दिल्ली की मुद्रास्फीति भारत में सबसे कम 4.7 प्रतिशत है।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News