पायलट के जयपुर लौटने पर बोले गहलोत- भूल जाओ, माफ करो और आगे बढ़ो

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2020 - 01:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वीरवार को कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों को ‘‘भूल जाओ और माफ करो'' की भावना के साथ लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में लगना होगा। राजस्थान में लगभग एक महीने से जारी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच विधानसभा का सत्र शुक्रवार से शुरू हो रहा है। 

PunjabKesari
गहलोत ने ट्वीट किया कि कांग्रेस की लड़ाई तो सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र को बचाने की है। पिछले एक माह में कांग्रेस पार्टी में आपस में जो भी मतभेद हुआ है, उसे देश के हित में, प्रदेश के हित में, प्रदेशवासियों के हित में और लोकतंत्र के हित में हमें भुलाना होगा और माफ करके आगे बढ़ने की भावना के साथ लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में लगना है।

PunjabKesari
सीएम ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि मैं उम्मीद करता हूं कि भूल जाओ और माफ करो की भावना के साथ 'लोकतंत्र की रक्षा करना' हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। देश में चुनी हुई सरकारों को एक-एक करके तोड़ने की जो साजिश चल रही है, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश आदि राज्यों में सरकारें जिस तरह गिराई जा रही हैं, ईडी, सीबीआई, आयकर, न्यायपालिका का जो दुरुपयोग हो रहा है, वह लोकतंत्र को कमजोर करने का बहुत खतरनाक खेल है।

PunjabKesari
उल्लेखनीय है कि सचिन पायलट एवं कांग्रेस के 18 अन्य विधायक मुख्यमंत्री गहलोत के नेतृत्व से कथित तौर पर नाराज थे और वे सोमवार को नयी दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद लगभग एक महीने बाद जयपुर लौटे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News