LPG Price Hike : गैस सिलेंडर के बढ़ेंगे दाम, सरकार ने खुद बताई ये वजह
punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 06:17 PM (IST)
नेशनल डेस्क : मिडिल ईस्ट जंग के बाद पुरी दुनिया को कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ रही है, इसका असर खासतौर पर भारत में भी देखने को मिल रहा है। जंग के बाद देशभर में कच्चे तेल की कीमतों में भारी इजाफा और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। इसी के साथ कर्मशियल एलपीजी गैस के बाद घरेलू सिलेंडर के दामों में भी वृद्धि हुई है। इस बीच सरकार की तरफ से ये बात कंफर्म कर दी गई है कि आने वाले समय में घरेलू गैस के दाम और भी बढ़ने वाले हैं।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी का कहना है कि आने वाले समय में पेट्रोल- डीजल के दामों में इजाफा हो सकता है। उन्होंने कहा, 'गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से हमें भी दुख और अफसोस है। लेकिन इसकी आलोचना करने से पहले लोगों को दुनिया की मौजूदा स्थिति को समझना चाहिए। इस समय पूरी दुनिया कई गंभीर संकटों का सामना कर रही है।' उन्होंने आगे कहा, 'दुनिया भर में माल की ढुलाई और सप्लाई (ट्रांसशिपमेंट) प्रभावित हो रही है। एलपीजी भी अब बहुत कम जगहों से उपलब्ध हो रही है. ऐसे में सप्लाई और कीमतों पर दबाव बढ़ गया है।'
इसके अलावा, सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में 40-45 दिन लग रहे हैं, जिससे बीमा (इंश्योरेंस) का खर्च भी बढ़ गया है। आम लोगों की परेशानी को लेकर हम भी उतने ही चिंतित हैं, लेकिन मौजूदा हालात में गैस की कीमत बढ़ाना मजबूरी बन गया है।'
7 जून को बढ़े दाम
बता दें कि 7 जून दिन रविवार को भी LPG गैस सिलेंडर में 29 रुपए की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसी के साथ 14.2 किलो का घरेलू गैस सिलेंडर 972 रुपए में मिलने लगा है। इससे कुछ दिन पहले सरकार ने LPG कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए थे।
