NSG सदस्‍यता: चीन-PAK की साजिश को ठेंगा!, भारत को मिला फ्रांस का साथ

punjabkesari.in Thursday, Jun 23, 2016 - 07:22 AM (IST)

नई दिल्ली: परमाणु आपूर्तिकर्त्ता समूह (एन.एस.जी.) में भारत के प्रवेश पर चीन के कड़े विरोध के बीच फ्रांस ने नई दिल्ली का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि इससे परमाणु प्रसार के खिलाफ वैश्विक प्रयास मजबूत होंगे और सदस्य देशों को सियोल में होने वाले पूर्ण अधिवेशन में सकारात्मक फैसला लेना चाहिए। विदेश सचिव एस. जयशंकर एन.एस.जी. में भारत की सदस्यता के लिए समर्थन जुटाने की मुहिम के तहत दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल पहुंच गए हैं।

उधर चीन भारत के खिलाफ अपने विरोध से पीछे नहीं हट रहा है।  चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि एन.एस.जी. के सदस्यों ने भारत और पाक की सदस्यता को लेकर 3 दौर की अनाधिकारिक बातचीत की है। इस बीच पाक ने आरोप लगाया कि एन.एस.जी. में भारत को शामिल करवाने की अमरीका की कोशिश चीन पर अंकुश लगाने और रूस के उदय को रोकने की एक ‘बड़ी साजिश’ का हिस्सा है। पाकिस्तानी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नासिर जंजुआ ने आगाह किया कि अमरीकी नीतियां पाकिस्तान को चीन के और भी नजदीक ला देंगी।

चीन से परमाणु सामग्री खरीद कर उत्तर कोरिया को बेचता है पाक
एक ओर पाकिस्तान जहां पूरे अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से एन.एस.जी. में अपनी सदस्यता को मंजूर करने के लिए हाथ जोड़ रहा है वहीं दूसरी तरफ वह चीन से परमाणु सामग्री खरीद कर उसे उत्तर कोरिया को बेच रहा है। न्यूक्लियर कॉमर्स की ट्रैकिंग से जुड़े उच्च पदस्थ अमरीकी सूत्रों ने यह खुलासा किया है। कई संयुक्त राष्ट्र प्रावधानों का उल्लंघन कर पाकिस्तान उत्तर कोरिया को प्रतिबंधित सामान जैसे ‘मोनेल’ और ‘इंकोनेल’ सप्लाई कर रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News