4 महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत, मुंबई में तीन मंजिला इमारत ढ़हने से मचा हडकंप

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 11:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क : मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार रात भारी बारिश के बीच, तीन मंजिला 'चॉल' ढह जाने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी और एक घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों के अनुसार, चार महिलाओं और एक पुरुष को नगर निकाय द्वारा संचालित शताब्दी अस्पताल में ''मृत अवस्था में'' लाया गया। एक अन्य पुरुष को राजावाड़ी अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि एक घायल पुरुष का इलाज बीएमसी द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल में किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर की चॉल नंबर-5 में हुआ। इससे पहले, अधिकारियों ने बताया था कि घटनास्थल पर चार से पांच लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूतल सहित तीन मंजिला इमारत के दो-तीन कमरे अचानक ढह गए। इसके बाद, मुंबई अग्निशमन दल (एमएफबी), पुलिस, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के वार्ड कार्यालय तथा '108' एंबुलेंस सेवा के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि मलबे के नीचे और लोगों के फंसे होने का पता लगाने के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय पार्षद नवनाथ बान ने कहा कि मलबे के नीचे अब भी एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण बचाव अभियान में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News