Special Session: संसद के विशेष सत्र में नजर आए पूर्व PM मनमोहन सिंह, सामने आई तस्वीर

punjabkesari.in Monday, Sep 18, 2023 - 05:57 PM (IST)

नेशनल डेस्कः संसद का विशेष सत्र शुरू हो चुका है। इस सत्र में सरकार लोकसभा और राज्यसभा में चार बिल पेश करेगी। इस बीच संसद में विशेष सत्र में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी नजर आए। पूर्व पीएम राज्यसभा में सांसद हैं। उनका कार्यकाल 2024 तक है। मनमोहन सिंह व्हील चेयर पर नजर आए। दरअसल, 90 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। इसके बावजूद वह संसद के विशेष सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे।
PunjabKesari
वर्ष 2004 से 2014 के बीच 10 साल तक प्रधानमंत्री रहे सिंह को सदन की कार्यवाही शुरू होने से ठीक पहले सदन में लाया गया। कमजोर से दिख रहे 90 वर्षीय सिंह ठीक एक घंटे तक चुपचाप बैठे रहे और 75 साल की संसदीय यात्रा पर चर्चा के दौरान सदन के नेता एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तथा विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के विचार सुनते रहे। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम सहित कांग्रेस सदस्यों ने सिंह के निकट से गुजरते समय हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।

बता दें कि कांग्रेस ने पिछले हफ्ते संसद के विशेष सत्र के लिए अपने सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी किया था। इसमें सभी सांसदों को विशेष सत्र के दौरान उपस्थित होने के लिए कहा गया था। संसद का विशेष सत्र 18 सितंबर से शुरू होकर 22 सितंबर तक चलेगा। विपक्ष ने विशेष सत्र बुलाने पर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं।  
PunjabKesari
मानसून सत्र में भी नजर आए थे पूर्व पीएम
संसद के मानसून सत्र के दौरान भी पूर्व प्रधानमंत्री राज्यसभा में नजर आए थे। दरअसल, केंद्र सरकार मानसून सत्र के दौरान दिल्ली सेवा विधेयक लेकर आई थी। इसको लेकर विपक्षी दलों ने बिल का विरोध करने के लिए सभी अपने सभी सांसदों को बुलाया था। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी व्हीलचेयर पर संसद में लाया गया था।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को पुरानी संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में भारत की 75 साल की अपना संबोधन दिया। कल से संसद और सांसदों के बैठने का पता बदल जाएगा। पुरानी संसद से कामकाज कल यानी मंगलवार को गणेश चतुर्थी के मौके पर नई संसद में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
PunjabKesari
G20 समिट को लेकर मोदी सरकार की तारीफ की
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के मद्देनजर नई विश्व व्यवस्था को संचालित करने में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत ने शांति की अपील करते हुए अपने संप्रभु और आर्थिक हितों को पहले स्थान पर रखकर सही काम किया है। पूर्व प्रधानमंत्री ने रूस-यूक्रेन युद्ध, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका और चीन के साथ सीमा विवाद पर बात की। रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर मनमोहन सिंह ने कहा कि जब दो या उससे ज्यादा देशों के बीच तनाव होता है तो दूसरे देशों पर कोई एक साइड चुनने का दबाव बन जाता है।

पूर्व पीएम ने कहा, 'मुझे लगता है कि शांति की अपील कर भारत ने बेहतर तरीके से अपने संप्रभु और आर्थिक हितों को प्रथम स्थान देकर सही काम किया है।' मनमोहन सिंह ने कहा कि रूस-यूक्रेन संघर्ष और चीन एवं पश्चिमी देशों के बीच तनाव के कारण विश्व व्यवस्था में बहुत बदलाव आ चुका है। इस नई व्यवस्था के संचालन में भारत ने अहम रोल निभाया है और आज वैश्विक तौर पर भी भारत की साख बढ़ी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News

Recommended News