छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम ने दिल्ली भाजपा मुख्यालय पर फहराया तिरंगा, कैलाश विजयवर्गीय समेत ये नेता रहे मौजूद

punjabkesari.in Thursday, Jan 26, 2023 - 04:27 PM (IST)

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने बृहस्पतिवार को 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, तरूण चुग सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। भारत आज 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है।राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्‍व में नयी दिल्‍ली में कर्तव्‍य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन संपन्न हुआ।

भाजपा नेताओं के मुताबिक पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा के जयपुर में अपने बेटे के विवाह समारोह में व्यस्त होने के कारण रमन सिंह ने पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराया। इससे पहले, नड्डा ने गणतंत्र दिवस पर देशवासियों को बधाई दी और कामना की कि प्रगतिशील व परिपक्व होता देश का लोकतंत्र हर भारतीय के हृदय में कर्तव्य, अवसर व समानता की भावना का सृजन करे। 

उत्कृष्ट भारत के निर्माण में अपना योगदान दें- रमन सिंह
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम ने बीजेपी कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सभी को शुभकामनाएं दीं। मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता के लिए यह गौरव व सम्मान का विषय है कि राष्ट्रीय कार्यालय में तिरंगा फहराने का अवसर मिला। भारतीय जनता पार्टी ने मुझे यह दायित्व सौंपकर न केवल संगठन के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया बल्कि छत्तीसगढ़ महतारी का भी सम्मान किया है। आइए इस #गणतंत्र_दिवस पर हम सभी मिलकर अपने संघीय ढांचे को मजबूत बनाने का संकल्प लें और उत्कृष्ट भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।

तरुण ने ट्वीट कर कहा कि, ''भारतीय लोकतंत्र के महान पर्व 74वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय कार्यालय, नई दिल्ली में ध्वजारोहण किया गया। जय हिंद।" इससे पहले उन्होंने देशवासियों को 'गणतंत्र दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि, 'विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में न्याय, स्वतंत्रता, समता, राष्ट्रीय एकता और अखंडता तथा बंधुत्व को समर्पित 'गणतंत्र दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं। आइए 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर इन उच्च आदर्शों को पुनः याद कर भारत की उन्नति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News