BJP में हुए शामिल BJD के पूर्व सांसद देवाशीष सामंतराय, बीते दिन दिया था इस्तीफा
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 01:02 PM (IST)
नेशनल डेस्क: बीजू जनता दल (बीजद) के पूर्व राज्यसभा सांसद देवाशीष सामंतराय मंगलवार को यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजद प्रमुख नवीन पटनायक के लंबे समय तक करीबी सहयोगी रहे सामंतराय ने सोमवार को यह आरोप लगाते हुए पार्टी और राज्यसभा दोनों से इस्तीफा दे दिया था कि संगठन में उन्हें "व्यवस्थित तरीके से नजरअंदाज और अपमानित" किया जा रहा था। उनके पार्टी छोड़ने से कुछ महीने पहले बीजद के दो अन्य राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार और ममता महंता ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। बाद में दोनों भाजपा के टिकट पर राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए।

इस्तीफे में जताया नवीन पटनायक का आभार
देबाशीष सामंतराय के इस कदम के ओडिशा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। यह इस्तीफा बीजेडी के भीतर चल रही गहरी अंदरूनी कलह को खुलकर सामने ले आया है। अपने इस्तीफे में सामंतराय ने नवीन पटनायक का आभार जताया और साथ ही लिखा कि राज्यसभा में उन्हें लाने के लिए वे हमेशा नवीन के कर्जदार रहेंगे। नवीन पटनायक के कारण ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा और कटक क्षेत्र की जनता की सेवा करने का मौका मिला।
इस्तीफे की वजह बताई
नवीन पटनायक को भेजे पत्र में सामंतराय ने पार्टी छोड़ने की जो वजह बताई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। उन्होंने लिखा, "मैंने हमेशा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम किया। लेकिन पिछले कुछ समय से मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि एक सोची-समझी साजिश के तहत पार्टी के भीतर मुझे लगातार नजरअंदाज और छोटा दिखाने की कोशिश की जा रही है।" उन्होंने आगे दर्द बयां करते हुए लिखा, "अब ऐसा लगता है कि पार्टी को मेरी सेवाओं की कोई आवश्यकता नहीं रह गई है। इसलिए, जनहित को सर्वोपरि रखते हुए मैंने यह कड़ा फैसला लिया है और आपसे मेरा इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध करता हूँ।"
