असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 12 जिलों में 1.7 लाख से अधिक लोग प्रभावित

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 06:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क : असम में सोमवार को बाढ़ की स्थिति काफी बिगड़ गई। लगातार हो रही बारिश के कारण विभिन्न नदियों का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने से 12 जिलों में 1.7 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या रविवार को सात जिलों में 57,100 से अधिक थी, जो सोमवार को बढ़कर 12 जिलों के 30 राजस्व मंडलों में 1.7 लाख से ज्यादा हो गई है।

बुलेटिन के मुताबिक, इस साल आई बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या पांच है। वर्तमान में कुल 580 गांव पानी में डूबे हुए हैं, जबकि 10,362.9 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। कई जिलों में बाढ़ के पानी से तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य सार्वजनिक अवसंरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

ब्रह्मपुत्र नदी नेमाटीघाट में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि उसकी सहायक नदियां खोवांग में बुरीदिहिंग, शिवसागर में दिखौ, नांगलामुराघाट में दिसांग और नुमालीगढ़ में धनसिरी भी खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि ऊपरी असम के कई जिलों में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए भारतीय सेना को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए चार मंत्रियों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News