Ranchi Plane Crash: ₹8 लाख का कर्ज और इलाज की आस... सब खाक! रांची-दिल्ली एयर एम्बुलेंस हादसे में दंपत्ति की हुई दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 12:33 PM (IST)
Ranchi Plane Crash: ऐसा कहा जाता है कि व्यक्ति अपने या अपनों के लिए चाहे कितना भी सोच ले, लेकिन अंत में वही होना है, जो भगवान को मंजूर होता है। नियति ने एक परिवार के साथ कुछ ऐसा खेल खेला। इसे क्रूर खेल कहें या महज एक हादसा, लेकिन लातेहार के चंदवा निवासी संजय कुमार के परिवार के लिए सोमवार की रात काल बनकर आई। जिस एयर एम्बुलेंस को परिवार ने ₹8 लाख का कर्ज लेकर बेहतर इलाज की उम्मीद में दिल्ली के लिए बुक किया था, वह मंजिल तक पहुँचने से पहले ही चतरा के सिमरिया स्थित घने जंगलों में क्रैश हो गई। इस हादसे में मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना सहित विमान में सवार सभी 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
परिवार ने जुटाया 8 लाख का कर्ज
41 वर्षीय होटल व्यवसायी संजय कुमार पिछले सोमवार को अपने होटल में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग में 65% झुलस गए थे। रांची के देवकमल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, उनके भाई अजय और अन्य रिश्तेदारों ने उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल शिफ्ट करने का फैसला किया। आर्थिक तंगी के बावजूद, परिजनों ने इधर-उधर से ₹8 लाख का कर्ज जुटाया ताकि एयर एम्बुलेंस के जरिए संजय की जान बचाई जा सके। शाम 4:30 बजे जब एम्बुलेंस अस्पताल से निकली, तो किसी ने नहीं सोचा था कि यह उनकी अंतिम विदा होगी।

मौसम की मार और रडार से संपर्क टूटन के कारण हुआ हादसा
रेडबर्ड एयरवेज द्वारा संचालित बीचक्राफ्ट C90 विमान ने शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी। DGCA के अनुसार खराब मौसम और गरज के कारण पायलट ने रास्ते को बदलने का अनुरोध किया था। रात 7:34 बजे, वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल मील दूर विमान का रडार और ATC से संपर्क टूट गया। भारी बारिश और खराब दृश्यता के बीच विमान चतरा के बरियातू पंचायत क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी इलाके में गिर गया।
रेस्क्यू में आई बाधा, सभी 7 सवारों की मौत
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ, लेकिन घना जंगल और पथरीला रास्ता होने के कारण बचाव दल को मौके पर पहुँचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सिमरिया ब्लॉक अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के अनुसार, रात 10 बजे के करीब घटनास्थल की पुष्टि हो सकी। हादसे में संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना, रिश्तेदार ध्रुव, दो क्रू मेंबर और मेडिकल स्टाफ सहित सभी सात लोगों ने अपनी जान गँवा दी।
