पहले युवती को मारी गोली, फिर खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 12:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बुधवार को एक युवक ने एक युवती के माथे पर कथित तौर पर गोली मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और इसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी में जोनल पार्क के पास हुई। पुलिस ने मृतक की पहचान शिवलोकपुरी निवासी आदित्य (26) के रूप में की है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवती कंकरखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली है, जिसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में घटना से कुछ समय पहले युवक और युवती के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कहासुनी के दौरान आदित्य ने पिस्तौल से युवती के माथे पर कथित तौर पर दो गोलियां चला दीं और फिर खुद के सीने में भी दो गोलियां मार लीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि युवती स्कूटर से पार्क पहुंची थी, जबकि आदित्य मोटरसाइकिल से आया था। गोलीबारी से पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। पुलिस ने मौके से दो पिस्तौल बरामद की हैं और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। भोंसले ने कहा कि दोनों के बीच संबंधों की सटीक प्रकृति, विवाद के पीछे की वजह और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News